1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में एक करोड़ की फिरौती न देने पर फाइनेंस कंपनी के मालिक के घर अंधाधुंध फायरिंग, थार से आए हमलावर

पंजाब में एक करोड़ की फिरौती न देने पर फाइनेंस कंपनी के मालिक के घर अंधाधुंध फायरिंग, थार से आए हमलावर

थार से आए हमलावरों ने अचानक से गोलीबारी करनी शुरू कर दी। घर में हड़कंप मच गया। अपनी जान बचाने के लिए पीड़ित पक्ष ने भी जवाबी फायरिंग की। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

अंधाधुंध फायरिंग करते हुए हमलावर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अंधाधुंध फायरिंग करते हुए हमलावर

पंजाब के गुरदासपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक फाइनेंस कारोबारी के घर और शैलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि फाइनेंस कंपनी के मालिक से पहले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती नहीं मिलने पर बदमाशों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

पहले कर्मचारियों से की पूछताछ

यह मामला गुरदासपुर जिले के गांव लोह चप का है। पीड़ित महकदीप सिंह और अजमेर सिंह गांव वडाला ग्रंथियां में फाइनेंस का कारोबार करते हैं। जानकारी के मुताबिक, वारदात से कुछ देर पहले कुछ युवक उनके कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों से मालिकों के बारे में पूछताछ कर वहां से चले गए। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना दोनों कारोबारियों को दी, जिसके बाद वे सतर्क हो गए।

आधे घंटे तक कई राउंड की चलाईं गोलियां

इसी बीच हमलावर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर कारोबारी के शैलर और घर के बाहर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पीड़ितों का दावा है कि करीब आधे घंटे तक कई दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं। हमले में घर के बाहर खड़ी नई थार गाड़ी के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। अपनी जान बचाने के लिए पीड़ित पक्ष ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पीड़ितों का कहना है कि कुछ समय पहले उन्हें एक करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी भरी कॉल भी आई थी। उनका आरोप है कि फिरौती नहीं देने पर ही इस हमले को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना शेखवा में मामला पहले से दर्ज है और पुलिस इस हमले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। 

आरोपियों की हो रही पहचान

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

राशपाल सिंह की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

पंजाब पुलिस ने अपने ही SHO को किया गिरफ्तार, अमेरिका में रह रहे परिवार से मांगी थी 4 करोड़ की रंगदारी