1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. कार पर चले ईंट-पत्थर, चालक ने बोनट पर युवक को 500 मीटर तक घसीटा; VIDEO में कैद हुई घटना

कार पर चले ईंट-पत्थर, चालक ने बोनट पर युवक को 500 मीटर तक घसीटा; VIDEO में कैद हुई घटना

क्रेटा कार और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और कार पर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस दौरान एक युवक कार के बोनट पर आ गया, जिसे चालक करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

बोनट पर युवक- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बोनट पर युवक

पंजाब के लुधियाना में क्रेटा कार और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चंद्र नगर इलाके के हरगोबिंद नगर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर तक चलने लगे। घटना के दौरान एक युवक क्रेटा कार के बोनट पर आ गया, जिसे चालक करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम चंद्र नगर इलाके में एक क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच मामूली टक्कर हो गई। क्रेटा कार में एक परिवार सवार था, जबकि ई-रिक्शा में चालक के साथ एक सवारी मौजूद थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

परिवार को घेरने और कार में तोड़फोड़ करने का आरोप

आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने कार चालक को घेर लिया और वाहन में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि भीड़ ने कार के अंदर बैठे पूरे परिवार को घेर लिया था। खुद को और अपने परिवार को बचाने के लिए चालक ने कार आगे बढ़ा दी।

बोनट पर आया युवक, 500 मीटर तक घसीटने का दावा

कार आगे बढ़ने के दौरान एक युवक उसके बोनट पर आ गया। इसके बाद चालक कार को रोकने के बजाय आगे बढ़ाता रहा और युवक को करीब 500 मीटर तक बोनट पर घसीटता हुआ ले गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पीछे से कार पर ईंट-पत्थर फेंके। घटना के बाद वाहन में तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस कर रही दोनों पक्षों से पूछताछ

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा के सेक्टर-18 से सामने आया, जहां एक युवक कार के बोनट पर लटका नजर आया, जबकि चालक तेज रफ्तार में कार दौड़ाता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामला थाना सेक्टर-20 क्षेत्र का बताया गया। वीडियो सामने आने के बाद नोएडा पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

(इनपुट- तुषार भारती)

ये भी पढ़ें-

SIR पर सियासी घमासान के बीच विपक्ष को निर्मला सीतारमण की दो टूक, "शिकायत है तो अदालत जाएं, अपना पक्ष रख सकते हैं"

अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर एक और एक्शन, अब खाली करना होगा सरकारी आवास, सरकार ने थमाया नोटिस