A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. मिल्कफेड ने तीन सीनियर अधिकारियों को निलंबित किया, दूध पाउडर अस्वीकार होने के बाद एक्शन

मिल्कफेड ने तीन सीनियर अधिकारियों को निलंबित किया, दूध पाउडर अस्वीकार होने के बाद एक्शन

मिल्कफेड अपने उत्पादों को वेरका ब्रांड के तहत बेचती है। मिल्कफेड सेना को दूध पाउडर, पनीर, फ्लेवर्ड दूध, टेट्रा पैक दूध और अन्य सामग्री की आपूर्ति करती है।

Verka- India TV Hindi
Image Source : VERKA वेरका दूध (फाइल फोटो)

पंजाब की सहकारी समिति 'मिल्कफेड' ने शुक्रवार को लुधियाना स्थित अपनी डेयरी इकाई के एक महाप्रबंधक और दो अन्य अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सेना ने मिल्कफेड दूध पाउडर की खेप को अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। 'मिल्कफेड' अपने उत्पादों को 'वेरका' ब्रांड के तहत बेचती है। 'मिल्कफेड' सेना को दूध पाउडर, पनीर, फ्लेवर्ड दूध, टेट्रा पैक दूध और अन्य सामग्री की आपूर्ति करती है। 

सेना ने पंजाब सरकार की डेयरी सहकारी समिति 'मिल्कफेड' के दूध पाउडर की पूरी खेप को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया है कि इसके नमूने कथित तौर पर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। 

तीन अलग-अलग आदेश जारी किए

'मिल्कफेड' के प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि मिल्क यूनियन के महाप्रबंधक दलजीत सिंह, मिल्क यूनियन के गुणवत्ता प्रबंधक गुरइकबाल सिंह और उत्पादन प्रबंधक परितोष मिश्रा के निलंबन के तीन अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। जम्मू स्थित सेना सेवा कोर के कमान अधिकारी ने लुधियाना जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (वेरका) को भेजे गए एक पत्र में लगभग 125 मीट्रिक टन दूध पाउडर की खेप को अस्वीकार कर दिया। इस पत्र की एक प्रति रक्षा मंत्रालय के मुख्य खरीद निदेशक को भी भेजी गई।

क्या है पूरा मामला?

पंजाब की सरकारी डेयरी सहकारी संस्था मिल्कफेड ने भारतीय सेना को होल मिल्क पाउडर की आपूर्ति की। कुल 125 मीट्रिक टन की खेप दो बैच में भेजी गई। एक 58.338 टन और दूसरा 66.654 टन। सेना की जम्मू स्थित आर्मी सर्विस कोर यूनिट ने गुणवत्ता जांच में सैंपल फेल पाए और पूरी खेप रिजेक्ट कर दी। सैंपल में विदेशी पदार्थ पाए गए। खासकर सफेद धागे, जो बैग सील करने के लिए इस्तेमाल होने वाले धागे के हो सकते हैं। सेना के सख्त मानकों के मुताबिक पाउडर "अन्य विदेशी पदार्थों से मुक्त" नहीं था, इसलिए खेप स्वीकार नहीं की गई। मिल्कफेड ने तुरंत एक्शन लिया और लुधियाना वेरका मिल्क प्लांट के जनरल मैनेजर दलजीत सिंह समेत 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी गठित की गई है। दोबारा सैंपल लेने की प्रक्रिया भी चल रही है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-नोएडा से कैसे पहुंचें जेवर एयरपोर्ट, बस कैब या ट्रेन, क्या है सबसे बेहतर विकल्प?

पंजाबः विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा रेप केस में ग्वालियर से गिरफ्तार, भगोड़ा किया गया था घोषित