1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. हत्या या नशे की ओवरडोज, मानसा में दलजीत सिंह की मौत पर क्यों मचा है बवाल? विपक्ष ने सरकार को घेरा

हत्या या नशे की ओवरडोज, मानसा में दलजीत सिंह की मौत पर क्यों मचा है बवाल? विपक्ष ने सरकार को घेरा

ड्रग्स के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब मानसा में 35 साल के दलजीत सिंह की मौत अब बड़ा मुद्दा बन गया है। पुलिस इसे हत्या बता रही है तो वहीं, दलजीत के परिवार का कहना है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई है।

punjab mansa drug case daljit singh death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मानसा में दलजीत सिंह की मौत पर विवाद।

पंजाब में ड्रग्स और नशे का मुद्दा लगातार गरमाया हुआ है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर लगातार भगवंत मान की सरकार को घेर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मानसा में 35 साल के दलजीत सिंह की मौत अब बड़ा मुद्दा बन गया है। दलजीत के परिवार वाले डेडबॉडी को लेकर उस जगह पर जा रहे थे जहां नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोंटा की लाश को रख कर प्रदर्शन किया जा रहा है। लेकिन दलजीत के परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस ने दलजीत की लाश को जबरदस्ती छीन लिया। परिवार वालों से कोरे कागजों पर साइन करवाए और दलजीत के पिता और बेटे को पुलिस अपने साथ ले गई। इसके बाद दलजीत की वाइफ और दूसरे रिश्तेदार धरने पर बैठ गए।

परिवार और पुलिस ने क्या कहा?

दलजीत के परिवार वालों का दावा है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई है लेकिन पंजाब पुलिस इसे गलत बता रही हैं। पुलिस का दावा है कि आपसी रंजिश में दलजीत की हत्या हुई है। कुछ लोग सड़क पर उसकी लाश फेंक कर भागे हैं। पुलिस ने इस केस में तीन लोगों को अरेस्ट किया है। जल्दी ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। मानसा पुलिस दलजीत सिंह की मौत को हत्या बता रही है लेकिन पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठी दलजीत की वाइफ ने पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। दलजीत की वाइफ ने कहा कि मानसा पुलिस परिवार वालों पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव डाल रही है। इस मामले की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए और पुलिस अफसरों के खिलाफ भी एक्शन होना चाहिए।

BJP, कांग्रेस और अकाली दल भड़के

मामले के सामने आने के बाद अकाली दल और बीजेपी के नेता भी दलजीत के परिवार वालों से मिलने पहुंचे। अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर ने कहा कि "पंजाब की मां बहनों के आंसू भगवंत मान की सरकार को दिखाई नहीं दे रहे। ड्रग्स के कारोबारियों के खिलाफ एक्शन लेने के बजाए भगवंत मान की पुलिस नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर जुल्म कर रही है। पंजाब की जनता ये बर्दाश्त नहीं करेगी। चुनाव में एक एक आंसू का हिसाब लेगी।" वहीं, बीजेपी ने भी भगवंत मान सरकार पर हमला बोला। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि "दलजीत सिंह की मौत नशे की ओवरडोज की वजह से हुई। मौत के बाद भगवंत मान की पुलिस ने दलजीत की डेडबॉडी का भी अपमान किया। पंजाब पुलिस दलजीत के शव को सड़क पर घसीटते हुए ले गई। इस पाप की कीमत आम आदमी पार्टी को चुकानी पड़ेगी।"

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी भी बुधवार को मानसा पहुंचे और दलजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की। चरणजीत चन्नी ने कहा कि दलजीत की मौत नशे के ओवरडोज के कारण हुई है लेकिन पुलिस इसे हत्या का मामला बताकर परिवार को परेशान कर रही है। बता दें कि इससे पहले मानसा में ड्रग-विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह की हत्या हो गई थी जिस पर काफी बवाल देखने को मिला था।

AAP ने क्या कहा?

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल के नेता अब लाशों पर राजनीति कर रहे हैं, ये ठीक नहीं हैं। आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि "दलजीत की हत्या हुई है, अब जांच इस बात की भी होनी चाहिए कि क्या विरोधी दलों के नेता दलजीत के हत्यारों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा में महादंगल! कांग्रेस-AAP में धक्का-मुक्की, शराब की बोतल लेकर पहुंचे बिट्टू

मोगा में 2 चचेरे भाइयों की हत्या, 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग; CM मान ने DGP को मौके पर भेजा, 5 आरोपी गिरफ्तार