पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या के बाद हंगामा मचा हुआ है। जिस मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवा और सिंथेटिक ड्रग्स बेचने का आरोप लगा, जिस मेडिकल स्टोर के बाहर परविंदर को कल गोली मारी गई थी, आज उस मेडिकल स्टोर के दोनों फ्लोर को तोड़ने के लिए मानसा में प्रशासन और पुलिस की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। इसी दौरान हजारों लोग मेडिकल स्टोर के बाहर जुट गए और हत्या के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। थोड़ी देर में अचानक भीड़ उग्र हो गई और कुछ लोग शॉप में घुस गए। उन्होंने शॉप में रखी दवाइयां और दूसरा सामान बाहर फेंक दिया, फिर दुकान में आग लगा दी जिसके बाद पूरी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई।
आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
परविंदर सिंह की हत्या के बाद आरोपी केमिस्ट शॉप मालिक अश्विनी मौके से फरार हो गया था। अश्विनी पंजाब के मानसा से भागकर राजस्थान के सालासर पहुंच गया। पंजाब पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। टेक्निकल सर्विलांस के जरिए पंजाब पुलिस को अश्विनी की लोकेशन सालासर में मिली जिसके बाद राजस्थान पुलिस की मदद से पंजाब पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया। बुधवार को मानसा प्रशासन की एक टीम पुलिस और बुलडोजर के साथ आरोपी के घर पर पहुंची। आरोपी अश्विनी के घर के अवैध हिस्से को गिरा दिया गया।
हत्याकांड की CBI जांच कराने की मांग
परविंदर के हत्यारे की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी के घर और शॉप को बुलडोज किया जा चुका है। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। परविंदर के घरवाले और गांववाले धरने पर बैठे हैं। FIR दर्ज करवाने से भी इनकार कर दिया है। परविंदर की फैमिली हत्याकांड की CBI जांच कराने की डिमांड कर रही है। मानसा एक्शन कमेटी ने कल पंजाब बंद का ऐलान किया है। साथ ही मानसा एक्शन कमेटी की डिमांड है कि इस मामले में SSP, SHO और ड्रग इंस्पेक्टर के खिलाफ भी FIR दर्ज कराई जाए। परविंदर सिंह के पिता का कहना है कि जब तक कमेटी की डिमांड नहीं मानी जाती है तब तक परविंदर सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परविंदर सिंह को शहीद का दर्जा देने की मांग
आपको बता दें कि परविंदर सिंह पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाते थे, सिंथेटिक ड्रग्स बेचने वाले मेडिकल स्टोर के खिलाफ अभियान चलाते थे। एक मेडिकल स्टोर में नशे को लेकर बहस के दौरान मेडिकल स्टोर के संचालक ने परविंदर गोली मार दी। पंजाब में चुनाव नजदीक है और ड्रग्स बड़ा मुद्दा है। इसलिए बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल को भगवंत मान सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लुधियाना के सांसद राजा वड़िंग बुधवार को मानसा पहुंचे। उन्होंने परविंदर के परिवार से मुलाकात की और परविंदर सिंह को शहीद का दर्जा देने की मांग की।
बीजेपी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे
बीजेपी ने नशा मुक्त पंजाब का संकल्प लिया है। परविंदर की हत्या के खिलाफ पंजाब बीजेपी के कार्यकर्ता बुधवार को सड़क पर उतरे। पंजाब में बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर को लेकर भगवंत मान सरकार पर अटैक किया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार की 'नशा मुक्त पंजाब' की मुहिम पूरी तरह फेल हो गई है। सरकार नशा तस्करों को गिरफ्तार करने की बजाए उन्हें बचा रही है। पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्यपाल को चिट्ठी लिखी है और परविंदर सिंह हत्याकांड की CBI जांच की मांग की है।
सीएम भगवंत मान ने भी जारी किया बयान
परविंदर सिंह की हत्या के करीब 30 घंटे बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान भी बुधवार को सामने आए। उन्होंने वीडियो जारी कर परविंदर की हत्या पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने DGP को गंभीरता से मामले की जांच करने के आदेश दिए है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने परविंदर के परिवार को भरोसा दिलाया और कहा कि, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- 'एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परमिंदर झोटा हत्याकांड के मामले में पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ेगी', CM मान ने दिया आश्वासन
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान के सालासर से हुई गिरफ्तारी