पंजाब के मानसा में ड्रग्स के खिलाफ काम करने वाले एक एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में सीएम भगवंत मान ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि मानसा में एक बहुत दुखद घटना हुई है, जिसमें सोशल वर्कर परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि पंजाब पुलिस इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।
नहीं बख्शे जाएंगे साजिश में शामिल लोग
सीएम भगवंत मान ने आगे कहा, 'अगर इस साजिश के पीछे कोई और भी शामिल पाया जाता है, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा। हमने पूरे पंजाब में हर तरह के ड्रग्स के खिलाफ जंग छेड़ रखी है और किसी के साथ भी कोई रियायत या नरमी नहीं बरती जाएगी। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह व्यक्ति कौन है या उसके कितने बड़े लोगों से संबंध हैं।
सीएम मान ने DGP को दिए कड़े निर्देश
मुख्यमंत्री भगवंत माने बोले, 'मैं परमिंदर सिंह झोटा के परिवार के प्रति भी संवेदना जताता हूं। ऐसी घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। मैंने DGP को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे इस केस की जांच करें और सुनिश्चित करें कि सच पूरी तरह से सामने आए।'
गुस्साए लोगों ने आरोपी की दुकान में लगाई आग
गौरतलब है कि मानसा में आज (बुधवार को) भयंकर बवाल हुआ। आरोपी अश्विनी की दुकान के सामने पब्लिक जबरदस्त गुस्से में दिखी। एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परमिंदर झोटा का मर्डर करने वाले आरोपी अश्विनी की शॉप पर लोगों ने हमला कर दिया। बीते मंगलवार को जिस दुकान में परमिंदर का मर्डर हुआ था, आज लोगों ने उसमें जमकर तोड़फोड़ की। उसे आग के हवाले कर दिया।
'नशा रोको, रोजगार दो' अभियान का चेहरा थे परमिंदर
हैरानी की बात है कि जिस तरह से परमिंदर सिंह की हत्या लाइव हुई, उसी तरह से ये तोड़फोड़ और आगजनी भी कैमरे पर लाइव रिकॉर्ड हुई। उधर, मानसा प्रशासन ने आरोपी अश्विनी के घर को बुलडोजर से गिरा दिया है। नशे की खिलाफत करने वाले सोशल एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा को बीते मंगलवार को लाइव कैमरे के सामने गोलियों से भून दिया गया था। वह पेशा 'नशा रोको, रोजगार दो' अभियान का चेहरा थे, जो सालों से ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे।
ये भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान के सालासर से हुई गिरफ्तारी