A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर सामने आया CM भगवंत मान का बयान, कहा- 'मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला'

पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर सामने आया CM भगवंत मान का बयान, कहा- 'मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला'

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में सीएम भगवंत मान ने कहा है कि मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला है।

Bhagwant Mann- India TV Hindi
Image Source : PTI सीएम भगवंत मान

चंडीगढ़: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर पंजाब के सीएम भगवंत मान का बयान सामने आया है। भगवंत मान ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ कायरतापूर्ण आतंकी हमला बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। निहत्थे मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला है। इस दुख की घड़ी में पूरा देश एकजुट है, पीड़ित परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं और हम आतंकवाद के हर रूप की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।'

पहलगाम में क्या हुआ?

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। इन 26 लोगों में 25 पर्यटक हैं और एक स्थानीय नागरिक है। मरने वालों में भारतीय मूल के 2 विदेशी नागरिकों की भी जान गई है। आतंकियों ने पर्यटकों पर 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग की है। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे हैं। इस आतंकी हमले को लेकर पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर भी बात की है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हमला?

दोपहर 2.30 बजे 2-3 की संख्या में आतंकी पहुंचे और उन्होंने सैलानियों के आइडेंटिटी कार्ड देखना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस मौके पर एक सेना अधिकारी भी मौजूद था, जो अपने साथ परिवार को लेकर यहां घूमने आया था। उसने वहां मौजूद लोगों को बचाया और आड़ ली। आतंकवादियों ने लोगों से नाम पूछकर उनकी गोली मारकर हत्या की। 

ये पूरी घटना जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के बैसराणा में घटी। इस आतंकी हमले से देशभर में हड़कंप मच गया है और पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत देश के तमाम बड़े नेताओं ने इस घटना की निंदा की है। आतंकियों की सफाई के लिए ऑपरेशन शुरू हो गया है।