A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. ₹5 के गुटखा में 5 लाख की केसर! भ्रामक प्रचार करने पर शाहरुख, अजय और टाइगर को नोटिस, कोर्ट ने किया तलब

₹5 के गुटखा में 5 लाख की केसर! भ्रामक प्रचार करने पर शाहरुख, अजय और टाइगर को नोटिस, कोर्ट ने किया तलब

Rajasthan Latest News : राजस्थान की बारा जिला उपभोक्ता कोर्ट ने एक्टर शाहरुख खान और अजय देवगन को गुटखे का भ्रामक प्रचार करने पर तलब किया है।

Shah Rukh Khan, Ajay Devgan, Tiger Shroff summoned, rajasthan news, vimal pan masala, rajasthan late- India TV Hindi
Image Source : YT शाहरुख, अजय और टाइगर को नोटिस।

Rajasthan Latest News : बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को बारां जिला उपभोक्ता कोर्ट ने नोटिस भेजकर 9 जुलाई को तलब किया है। दरअसल, उन पर गुटखा के विज्ञापनों में केसर के नाम पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने और स्वास्थ्य के लिए घातक उत्पादों के छद्म प्रचार करने का आरोप है। कोर्ट ने कुल 4 लोगों को नोटिस भेजा है जिसमें शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के अलावा विमल पान मसाला के मालिक विमल अग्रवाल को भी तलब किया है। 

परिवादी ने लगाए आरोप 

आदेश नागरिक अधिकार संस्था बारां के सचिव वीरेंद्र सिंह ने कोर्ट में गुटखा कंपनी और एक्टर्स पर आरोप लगाए हैं। परिवादी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 5 रुपए के गुटखा पाउच में 5 लाख रुपए किलो की केसर मिलाने का दावा पूरी तरह भ्रामक है। यह उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है। इस विज्ञापन पर पूरे देश में तुरंत रोक लगाने का आदेश पारित करने के लिए कोर्ट द्वारा आगामी तारीख 22 जून तय की है।  

30 दिनों के अंदर रखें पक्ष 

कोर्ट ने एक्टर्स और कंपनी के मालिक को 9 जुलाई को व्यक्तिगत या अधिवक्ता के माध्यम से तलब किया है। उपभोक्ता कोर्ट के रीडर योगेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार आरोपियों को नोटिस मिलने के 30 दिनों के भीतर अपना पक्ष और साक्ष्य कोर्ट के सामने प्रस्तुत करने होंगे। यदि 9 जुलाई को विपक्षी या उनके प्रतिनिधि उपस्थित नहीं होते हैं, तो कोर्ट इस मामले में एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए फैसला सुना सकेगा।

कई बार उठते हैं सवाल 

ये पहली बार नहीं है जब किसी प्रोडक्ट के दावों और कथित भ्रामक प्रचार पर सवाल उठे हैं। बल्कि अलग-अलग प्रोडक्ट्स के दावों पर कई बार सवाल उठते रहे हैं। यह घटना सितारों द्वारा उत्पाद एंडोर्समेंट की जिम्मेदारी पर सवाल उठाती है। कई विशेषज्ञों का कहना है कि मशहूर हस्तियां विज्ञापनों में केवल मनोरंजन के लिए नहीं बल्कि उपभोक्ताओं पर गहरा प्रभाव डालती हैं, इसलिए उन्हें दावों की सत्यता जांचनी चाहिए। तंबाकू उत्पादों के प्रचार पर पहले भी पाबंदियां लग चुकी हैं, लेकिन पान मसाला केस में ‘केसर’ वाले दावे ने नया आयाम जोड़ दिया है। बॉलीवुड सितारों पर ऐसे केस पहले भी आए हैं, लेकिन इस बार तीन बड़े नाम एक साथ फंसने से चर्चा तेज हो गई है। 
(बारां, राजस्थान से राम मेहता की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें -
भारत में कौन सा नेता सबसे कम समय तक प्रधानमंत्री रहा, बता सकते हैं आप; नहीं जानते हैं तो जान लें  

आजादी के बाद भारत में सबसे पहला बांध कौन सा बना था ? कहां पर मौजूद है सबसे पुराना डैम