1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. भरतपुर: बेकाबू थार लील गई पूरा परिवार, बाइक सवार पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत, गुस्साए लोगों ने कार में लगाई आग

भरतपुर: बेकाबू थार लील गई पूरा परिवार, बाइक सवार पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत, गुस्साए लोगों ने कार में लगाई आग

थार की टक्कर से बाइक में आग लग गई। इसमें चार लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने कार को भी आग के हवाले कर दिया।

Car bike burnt- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे में कार-बाइक जली

राजस्थान के भरतपुर जिले में तेज रफ्तार थार ने एक मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। थार की टक्कर से मोटर साइकिल सवार पर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बाइक में पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ जा रहे थे। इसी बीच कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार गी। थार गाड़ी की टक्कर इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गुस्साई भीड़ ने थार जीप में भी आग लगा दी।

घटना भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में हुई। यहां नदबई-जनूथर मार्ग पर लुहासा गांव के नजदीक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कैसे हुआ हादसा?

कुम्हेर थाना क्षेत्र के देहवा गांव के रहने वाले 32 वर्षीय नटवर सिंह अपनी 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी, 4 वर्षीय पुत्री परी और 2 वर्षीय पुत्र दीपू को मोटर साइकिल से अपने गांव से ससुराल दिवाली त्योहार मनाने के लिए जा रहे थे। लुहासा गांव के पास सामने से तेज गति से आ रही थार ने अनियंत्रित होकर बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की बाइक में आग लग गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल को बुलाकर बाइक में लगी आग को बुझाया। इसके साथ ही घायल बाइक सवारों को नदबई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

आरोपी ड्राइवर भी घायल

हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से नाराज लोगों ने टक्कर मारने वाली थार को आग के हवाले कर दिया। दमकल ने जीप में लगी आग पर काबू पाया मगर तब तक वह जलकर खाक हो गई थी। जीप चालक नरेश कुमार नदबई थानाक्षेत्र के लुहासा गांव का रहने वाला है। आरोपी ड्राइवर भी हादसे में घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस का बयान

नदबई सीओ अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि लुहासा से आगे नदबई थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल और थार में टक्कर की सूचना मिली थी। थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे और मालुम हुआ कि पति-पत्नी और दो बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने चारों को मृत घोषित कर दिया। थार चालक भी घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक कुम्हेर थाना क्षेत्र के दहवा गांव के रहने वाले थे। परिजन आ गए हैं, मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(भरतपुर से कपिल चीमा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

राजस्थानः पेट्रोल पंप पर बैठी महिला पर चढ़ाई कार, ड्राइवर ने 25 फीट तक घसीटा, हिट एंड रन का वीडियो

Video: बाड़मेर में हादसे का शिकार हुए चार युवक, ट्रेलर से भिड़ंत के बाद कार में जिंदा जलकर हुई मौत; एक घायल