राजस्थान के भीलवाड़ा शहर से रिश्तो को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने ही पति को ब्लैकमेल कर उससे छुटकारा पाने के लिए ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। महिला ने अपने पुराने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपना नहाते हुए अश्लील वीडियो बनवा दिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, ताकि सारा इल्जाम पति पर मढ़ा जा सके। पुलिस ने इस मामले में पति की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार पीड़ित पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मार्च 2026 की रात को एक फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से उसकी पत्नी का न्यूड बाथरूम वीडियो वायरल किया गया। पति का आरोप है कि यह सुनियोजित तरीके से प्रचारित किया गया है कि यह न्यूड वीडियो उसके पति ने वायरल किया है ताकि पत्नी उससे छुटकारा पा सके। आरोपी महिला का मकसद साफ था कि पति को कानूनी शिकंजे में फंसाकर उससे हमेशा के लिए छुटकारा पाना और प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना।
विरोध करने पर पति को धमकाया
पीड़ित पति का यह भी आरोप है कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य लोगों के साथ मिलकर खुद का यह वीडियो तैयार किया और पूरे घटनाक्रम को अपने पति पर साजिश के तहत अंजाम दिया गया। जब उसने इस मामले का विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया। इससे पहले भी पीड़ित पति के खिलाफ ससुराल पक्ष पहले ही ज्वेलरी हड़पने का मामला दर्ज कर चुका है।
थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा
साजिश के तहत यह वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित और परिजन विवाहिता को लेकर रिपोर्ट लिखवाने भीलवाड़ा शहर के एक थाने पहुंचे जहां पीड़ित ने आशंका जताई है कि इस घटनाक्रम के पीछे उसकी पत्नी का प्रेमी और अन्य साथी हो सकते हैं। इस पर उसकी पत्नी भड़क गई और पति पर ही वीडियो वायरल करने का आरोप लगा दिया।
पुलिस को दिखाई पत्नी और उसके प्रेमी की चैटिंग
पीड़ित और परिजनों ने जब प्रेमी के साथ महिला की सोशल मीडिया चैटिंग दिखाई तो मामला सामने आ गया। वहीं पुलिस ने विवाहिता के प्रेमी को थाने बुलाकर पूछताछ की तो सारी कहानी सामने आ गई। महिला के प्रेमी ने कहा कि यह युवती उसे भी इस मामले में घसीटना चाहती है। इसके बाद पुलिस की साइबर टीम के जरिए सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले तो इससे पता चला कि युवती के प्रेमी ने मोबाइल सिम उपलब्ध कराई थी। गलत और भ्रामक नाम से सोशल मीडिया आईडी बनाकर वीडियो वायरल किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
वहीं इस मामले में भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसा एक वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है जिस पर भीलवाड़ा के थाने में पीड़ित पति की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में जांच जारी है। मामला अभी शुरुआती स्तर पर है, जल्द ही सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- सोमदत्त त्रिपाठी)
यह भी पढ़ें-
पिता ने बेटी की हथौड़े से मार-मारकर ली जान, प्रेम विवाह की जिद बनी हत्या की वजह, रुकवाया गया अंतिम संस्कार