1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में खाकी की लापरवाही ने ली जान: थाने में शिकायत करने गई मां-बेटी, पीछे से मनचले ने लकवाग्रस्त पिता को कढ़ाई से पीटकर मार डाला

कानपुर में खाकी की लापरवाही ने ली जान: थाने में शिकायत करने गई मां-बेटी, पीछे से मनचले ने लकवाग्रस्त पिता को कढ़ाई से पीटकर मार डाला

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Mar 30, 2026 12:43 pm IST,  Updated : Mar 30, 2026 12:43 pm IST

कानपुर में एक सिरफिरे मनचले की हैवानियत ने एक बेगुनाह की जान ले ली। 15 साल की लड़की के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी साहिल ने उसके बीमार पिता की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी।

मृतक की फाइल फोटो,...- India TV Hindi
मृतक की फाइल फोटो, दूसरी तस्वीर आरोपी साहिल की है। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पुलिसिया कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जहां एक तरफ सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं ग्वालटोली थाना क्षेत्र में एक मनचले ने पुलिस के खौफ को ठेंगे पर रखकर एक बेबस पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

क्या है पूरा मामला?

मामला खलासी लाइन का है। यहां रहने वाला साहिल नाम का युवक पिछले कई सालों से एक नाबालिग किशोरी को परेशान कर रहा था। शोहदे की हरकतों से तंग आकर पीड़िता अपनी मां के साथ शिकायत दर्ज कराने 'ग्वालटोली थाने' पहुंची थी। लेकिन जैसे ही इसकी भनक साहिल को लगी, उसने घर में अकेले और लकवाग्रस्त पिता पर हमला बोल दिया। उसने बेबस बुजुर्ग को इतनी बेरहमी से पीटा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेबस मां ने बयां किया दर्द

पीड़िता की मां ने बताया, "साहिल सालों से मेरी बेटी को छेड़ रहा था। हम पुलिस के पास मदद मांगने गए थे, लेकिन पीछे से उसने मेरे बीमार पति को मार डाला। पुलिस ने पहले सुन ली होती तो आज ये नौबत न आती।" पीड़ित महिला के अनुसार उसके पति पिछले 5 साल से पैरालिसिस (लकवा) से ग्रसित थे। वह बोल भी नहीं पाते थे। शनिवार को जब महिला और उसकी 15 साल की बेटी साहिल की हरकतों की शिकायत करने ग्वालटोली थाने पहुंची थीं, तभी आरोपी साहिल उनके घर में घुस गया। उसने बिस्तर पर बेबस पड़े उसके पति के सिर और चेहरे पर लोहे की कढ़ाई से ताबड़तोड़ वार किए। जब मां-बेटी वापस घर लौटीं तो वह खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

victim mother
Image Source : REPORTER INPUTपीड़िता की मां

चौकी इंचार्ज सस्पेंड

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है। पुलिस की इस घोर लापरवाही को देखते हुए विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 'चौकी इंचार्ज' को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी साहिल के खिलाफ हत्या और छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार है।

सालों से प्रताड़ित हो रहा था पीड़ित परिवार

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सवाल यह है कि जब पीड़ित परिवार सालों से प्रताड़ित हो रहा था, तो पुलिस ने पहले ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या एक मासूम की सुरक्षा और एक बेगुनाह की जान की कीमत सिर्फ एक सस्पेंशन है?

(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

यह भी पढ़ें-

पत्नी गई मायके तो प्रेमिका को बुलाया घर, हत्या कर टुकड़ों में काटा; फिर शव को फ्रिज में रख दिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।