A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'बैंक का प्रेशर सहन नहीं हो रहा', सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन के आगे कूदा 2 बच्चों का पिता; घर गिरवी रखकर लिया था लोन

'बैंक का प्रेशर सहन नहीं हो रहा', सुसाइड नोट लिखकर ट्रेन के आगे कूदा 2 बच्चों का पिता; घर गिरवी रखकर लिया था लोन

बिजनेस में घाटा होने और बैंक का लोन ना चुका पाने से परेशान झुंझुनू के एक शख्स ने आत्महत्या कर ली। मृतक की जेब से बैंक का एक नोटिस भी बरामद हुआ है, जिसमें करीब 31 लाख 11 हजार 383 रुपये के बकाया भुगतान की मांग की गई थी।

suicide note- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है।

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा इलाके में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार सूरजगढ़ तहसील के गांव रामरख की ढाणी निवासी विनोद पुत्र श्रीचंद पूनिया (उम्र 50 वर्ष) ने गुरुवार रात करीब 9 बजे मावंडियो की ढाणी के पास ट्रेन नंबर 19808 सिरसा-कोटा के आगे आकर यह कदम उठाया। मृतक विनोद पूनिया डेयरी संचालन के साथ-साथ खेती-बाड़ी का कार्य करता था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

सुसाइड नोट में मृतक ने डेयरी व्यवसाय में लगातार घाटा होने और बैंक का कर्ज न चुका पाने की मजबूरी का जिक्र किया है। साथ ही उसने लिखा कि बैंक द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था। मृतक की जेब से HDFC Bank का एक नोटिस भी बरामद हुआ है, जिसमें करीब 31 लाख 11 हजार 383 रुपये के बकाया भुगतान की मांग की गई थी। बताया जा रहा है कि यह लोन उसने अपने उधमपुरा स्थित मकान को गिरवी रखकर लिया था।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा थाने से एएसआई ओमप्रकाश नरुका व कांस्टेबल अंकित राव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सुसाइड नोट व अन्य दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में पसरा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन चिड़ावा रेलवे स्टेशन पहुंचे। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। इस घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार

शव को चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

दिन में फॉर्म वेरीफाई, रात को ट्रेन के आगे सुसाइड; वलसाड में तहसीलदार की चौंकाने वाली मौत

'मैं भी तेरे बिना रह नहीं सकता', स्टेटस लगाने के बाद ट्रेन के आगे कूद गया शख्स, सुबह पत्नी ने किया था सुसाइड