A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. उधार देने से मना किया तो दोस्त ने कर दी हत्या, शराब पिलाकर कुल्हाड़ी से किया हमला

उधार देने से मना किया तो दोस्त ने कर दी हत्या, शराब पिलाकर कुल्हाड़ी से किया हमला

राजस्थान के टोंक में एक शख्स की उसी के दोस्त ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि उधार देने से मना करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दोस्त की हत्या का आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE दोस्त की हत्या का आरोपी गिरफ्तार।

टोंक: जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपी ने दोस्त की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसने उधार देने से इनकार कर दिया था। घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पीड़ित को शराब पिलाने के लिए बुलाया। फिर शराब पिलाने के बाद उसने पीड़ित पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पीड़ित पर उसने कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने हत्या के बाद पीड़ित के गले में रस्सी भी बांध दी। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी, पीड़ित द्वारा पहनी गई सोने की चेन और सोने की अंगूठी भी लेकर फरार हो गया।

आर्थिक तंगी के चलते की हत्या

दरअसल, टोंक जिले में एक व्यक्ति को अपने दोस्त की हत्या कर दी। मृतक बिजली के सामान का व्यापारी था। पुलिस ने बताया कि बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश ताम्बी (36) के तौर पर हुई है, जिसे व्यापारी पवन कुमार गर्ग की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

11 लोगों से लिया था 56 लाख का उधार

टोंक के एसपी रोशन ने बताया, "राकेश ताम्बी ने लगभग 11 लोगों से ब्याज पर करीब 56 लाख रुपये उधार लिए थे। वह भारी आर्थिक दबाव में था। घटना से करीब 15 दिन पहले उसने पवन कुमार गर्ग से 5 लाख रुपये का कर्ज मांगा था, लेकिन व्यापारी ने कथित तौर पर उसे पैसे उधार देने से इनकार कर दिया था।" उन्होंने कहा कि इनकार के बाद राकेश ताम्बी ने हत्या की योजना बनाई।

कुल्हाड़ी से हमला करके की हत्या

एसपी ने बताया कि 19 जून की रात आरोपी पवन कुमार गर्ग की दुकान पर पहुंचा। दोनों ने साथ में शराब पी, जिसके बाद राकेश ताम्बी ने पीछे से कुल्हाड़ी से पवन कुमार गर्ग पर हमला किया और उन्हें जानलेवा चोटें पहुंचाईं। पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपी ने पीड़ित की मौत पक्की करने और उनके बचने की कोई भी संभावना खत्म करने के लिए उनके गले में रस्सी बांध दी। हत्या के बाद, राकेश ताम्बी पीड़ित द्वारा पहनी गई सोने की चेन और सोने की अंगूठी लेकर भाग गया।

यह भी पढ़ें- 

जलपाईगुड़ी में बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 29 घायल; CM ने मुआवजे का किया ऐलान