1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. जलपाईगुड़ी में बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 29 घायल; CM ने मुआवजे का किया ऐलान

जलपाईगुड़ी में बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 29 घायल; CM ने मुआवजे का किया ऐलान

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 21, 2026 09:54 pm IST,  Updated : Jun 21, 2026 09:54 pm IST

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में बस और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

खड़े ट्रक में टकराई बस।- India TV Hindi
खड़े ट्रक में टकराई बस। Image Source : PTI

जलपाईगुड़ी: जिले में एक बस और ट्रक की टक्कर से 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक हादसा एनएच-27 पर उल्लाडाबरी के पास हुआ है। बचाया जा रहा है पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। टक्कर के बाद कई यात्री अंदर फंस गए। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने हादसे के बाद दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया।

खड़े ट्रक से टकराई बस

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में एक बस के खड़े ट्रक से टकराने से एक बच्चे और दो महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कम से कम 29 लोग घायल हो गए हैं। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे-27 पर उल्लाडाबरी के पास हुआ, जब पश्चिम बर्धमान जिले में मैनागुड़ी से डोमोहानी जा रही नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NBSTC) की बस सुबह करीब 11.30 बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

छह लोगों की हुई मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान पंपा साहा (सिलीगुड़ी की रहने वाली) और उनके 18 महीने के बेटे बिबेक, जमुना रॉय (मैनागुड़ी से), सजल सरकार (मैनागुड़ी), शुभंकर सिल (कूचबिहार) और एक अज्ञात पुरुष के तौर पर की गई है। इसके अलावा घायलों में 15 पुरुष, 12 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हादसे की जगह से एक पीड़ित को मैनागुड़ी रूरल हॉस्पिटल मृत अवस्था में लाया गया, जबकि बाकी पांच लोगों की मौत जलपाईगुड़ी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गई।" 

सड़क पर फिसलन की वजह से हादसे की आशंका

सभी घायल यात्रियों को जलपाईगुड़ी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाया। जलपाईगुड़ी की SP सुजाता कुमारी बीना पानी ने कहा कि शुरुआती तौर पर लगता है कि खराब मौसम और सड़क पर फिसलन के कारण यह हादसा हुआ होगा। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा, "असली वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।"

सीएम ने मुआवजे का किया ऐलान

वहीं सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट में, सीएम ने कहा कि वह NH-27 पर उल्लाडाबरी जोराबाध में हुए हादसे से "बहुत दुखी" हैं और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मृतकों और घायलों के परिवारों को मुआवजा देगी और इलाज करा रहे लोगों के इलाज का खर्च उठाएगी। उन्होंने कहा, "इस भयानक घटना में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" उन्होंने मृतक पीड़ितों के निकटतम परिजनों को 5 लाख रुपये देने, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को 1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को मुआवजे के तौर पर 50,000 रुपये देने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें-

कोलकाता के 'सुहरावर्दी एवेन्यू' का बदला नाम, अब होगा 'गोपाल मुखर्जी रोड', CM शुभेंदु अधिकारी ने दी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।