A
Hindi News राजस्थान सालासर में 7500 KG नकली घी पकड़ा, नए साल पर खपाने की थी तैयारी, 18 ड्रमों में भरा था केमिकल; VIDEO

सालासर में 7500 KG नकली घी पकड़ा, नए साल पर खपाने की थी तैयारी, 18 ड्रमों में भरा था केमिकल; VIDEO

सालासर में होटल की आड़ में नकली घी तैयार किया जा रहा था। मौके से घी निर्माण में उपयोग होने वाले 200-200 लीटर क्षमता के 18 ड्रम, घी पैकिंग के लिए 414 टिन (पीपे) और अन्य केमिकल से भरे 17-18 अतिरिक्त ड्रम बरामद किए गए।

salasar fake ghee- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT घी पैकिंग के लिए रखे गए 414 टिन (पीपे) और केमिकल से भरे ड्रम बरामद किए गए।

राजस्थान के चूरू जिले में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सालासर इलाके में नकली घी बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 7500 लीटर नकली घी, भारी मात्रा में केमिकल और पैकिंग सामग्री जब्त की गई है। ये नकली घी नए साल पर बाजार में खपाने की तैयारी थी। AGTF ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।

जानकारी के मुताबिक होटल की आड़ में नकली घी तैयार किया जा रहा था। फिलहाल जब्त सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

होटल की आड़ में नकली घी की फैक्ट्री

AGTF प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अभिजीत पाटिल ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि सालासर के शोभासर इलाके में होटल की आड़ में नकली घी तैयार किया जा रहा है। इस पर टीम ने नेशनल हाईवे-58 (फतेहपुर–पालनपुर, गुजरात) पर शोभासर पुलिया के पास स्थित एक प्लॉट पर दबिश दी, जहां अवैध फैक्ट्री संचालित पाई गई।

मौके से क्या-क्या बरामद हुआ?

मौके से घी निर्माण में उपयोग होने वाले 200-200 लीटर क्षमता के 18 ड्रम, घी पैकिंग के लिए 414 टिन (पीपे) और अन्य केमिकल से भरे 17-18 अतिरिक्त ड्रम बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि यह पूरी गतिविधि बिना किसी वैधानिक लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों के योजनाबद्ध व संगठित तरीके से की जा रही थी।

देखें वीडियो-

414 टिन जब्त कर किए सील

कार्रवाई के दौरान AGTF ने खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर रिफाइंड पाम ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और कॉटन सीड ऑयल के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे। वहीं पाम ऑयल के 336 टिन, सोयाबीन ऑयल के 28 टिन और कॉटन सीड ऑयल के 50 टिन, कुल 414 टिन जब्त कर सील किए गए हैं।

अभिजीत पाटिल ने बताया कि AGTF और खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त रूप से आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ खाद्य मिलावट, धोखाधड़ी और लोगों के जीवन को खतरे में डालने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

कहीं घी के नाम पर जहर तो नहीं खा रहे आप? रोज 2 हजार लीटर नकली घी बनाकर बेच रहे थे बदमाश, पुलिस ने 4 को दबोचा

जब मंत्री ने रात के अंधेरे में खुद की छापेमारी, नकली घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, देखें Video