राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) के एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी और छह साल के बेटे पर तलवार से जानलेवा हमला किया और बाद में खुद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार तड़के कोतवाली थाना क्षेत्र की किसान कॉलोनी में हुई।
पत्नी की दो उंगलियां कट गईं
आरएसी कांस्टेबल राजकुमार कांटीवाल ने अपने किराए के मकान में अपनी पत्नी कविता और बेटे पर हमला कर दिया। इस हमले में कविता गंभीर रूप से घायल हो गई। तलवार के वार से उसकी दो उंगलियां कट गईं और उसे इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, उनके छह साल के बेटे की गर्दन पर गहरा घाव हुआ है और उसका इलाज झुंझुनूं में चल रहा है।
तलाक का चल रहा था मामला
पुलिस ने बताया कि कविता झुंझुनूं पंचायत समिति में कनिष्ठ लिपिक (LDC) के पद पर कार्यरत हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। उनके तलाक का मामला पारिवारिक न्यायालय में चल रहा था, जिसकी अगली सुनवाई 20 अगस्त को होनी थी।
16 अगस्त को छुट्टी लेकर लौटा था
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल राजकुमार 16 अगस्त को श्रीगंगानगर से छुट्टी लेकर लौटा था। हमले के करीब तीन घंटे बाद उसका शव रेलवे पटरियों पर मिला। पुलिस को संदेह है कि उसने आत्महत्या कर ली। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
पटना में फिर बवाल, शिक्षक बहाली के ऐलान से नाराज छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस ने बरसाई लाठियां; देखें VIDEO
भोपाल में दो मस्जिदों को हटाने के आदेश पर विवाद, मुस्लिम संगठन ने कहा- 'मस्जिद पर अगर पैर भी रखा तो...'