1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं का CRPF जवान 18 दिन से लापता, नोएडा ड्यूटी करने के लिए निकला था; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

झुंझुनूं का CRPF जवान 18 दिन से लापता, नोएडा ड्यूटी करने के लिए निकला था; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मनोज 11 अप्रैल को झुंझुनूं से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। वे नोएडा में अपनी ड्यूटी पर कार्यरत थे, लेकिन वह न तो दिल्ली पहुंचे और न ही कार्यस्थल पर हाजिर हुए। उनके मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन झुंझुनूं जिले के ही आसपास मिली थी, इसके बाद से उनका फोन बंद है।

crpf jawan- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV CRPF जवान मनोज नीतड़

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के भौड़की गांव के रहने वाले CRPF जवान मनोज नीतड़ (पुत्र ओमप्रकाश) पिछले 18 दिनों से लापता हैं। 11 अप्रैल को कोतवाली थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। जवान के अचानक गायब हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में भी चिंता का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, मनोज 11 अप्रैल को झुंझुनूं से दिल्ली जाने के लिए निकले थे। वे नोएडा में अपनी ड्यूटी पर कार्यरत थे, लेकिन वह न तो दिल्ली पहुंचे और न ही कार्यस्थल पर हाजिर हुए। उनके मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन झुंझुनूं जिले के ही आसपास मिली थी, इसके बाद से उनका फोन बंद है।

गहरे सदमे में परिवार

मनोज की बहन बबीता और उसके मित्र कई दिनों से थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा के अलावा कुछ नहीं मिला। बबीता ने रोते हुए बताया कि वे पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बबिता ने कहा, "हमारा भाई हमारा इकलौता सहारा था। हमें डर है कि कहीं उसके साथ कुछ अनहोनी न हो गई हो। हम सरकार और पुलिस से अपील करते हैं कि उसे जल्द से जल्द ढूंढ़ा जाए।" भौड़की गांव के ग्रामीणों ने भी मनोज की गुमशुदगी को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। 

पुलिस ने क्या कहा?

कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि जवान मनोज नीतड़ की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि खोज अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही जवान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

रेप पीड़िता ने की आरोपी से शादी, जज ने खत्म किया केस, कहा- 'शादी महज परंपरा नहीं, यह पवित्र बंधन है'

होटलवाले ने 6 मिनट वॉशरूम इस्तेमाल करने पर वसूले 805 रुपए, लड़की ने VIDEO शेयर कर सुनाई आपबीती