सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं को गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने की प्रतिस्पर्धा खूनी संघर्ष में बदल गई। मंगलवार देर रात करीब एक बजे एमजी गेस्ट हाउस से जुड़े 7-8 युवकों ने एक अन्य गेस्ट हाउस के एजेंट पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर युवक एजेंट को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटते रहे और गंभीर हालत में तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
एजेंट को घेरकर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाईं
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह श्रद्धालुओं को अपने गेस्ट हाउस में ठहराने के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एमजी गेस्ट हाउस से जुड़े युवकों ने उसे घेर लिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने करण पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
सड़क पर तड़पता रहा करण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने करण के सिर, हाथ और पैरों पर जमकर वार किए। गंभीर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार डंडों से हमला करते रहे। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आता देख आरोपी युवक फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल करण कुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना का वीडियो आया सामने-
कमरा दिलाने की होड़ और कमीशन विवाद के चलते मारपीट
थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि घायल करण कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि श्रद्धालुओं को गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने की होड़ और कमीशन विवाद के चलते यह हमला हुआ। पुलिस ने वीडियो फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर 1-2 युवकों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
धार्मिक नगरी में दहशत का माहौल
खाटूश्यामजी में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के बीच ज्यादा से ज्यादा भक्तों को अपने यहां ठहराने की होड़ रहती है। इसी प्रतिस्पर्धा ने मंगलवार रात हिंसक रूप ले लिया और धार्मिक नगरी में दहशत का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें-
VIDEO: बीमार मां को अस्पताल ले जाते समय कार में लगी भीषण आग, पूर्व सरपंच दंपति समेत 4 लोग जिंदा जले
बेटी की शादी का दहेज जल गया! टोंक में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, नकदी, कूलर, फ्रिज-टीवी सब स्वाहा