राजस्थान के अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक कार में अचानक भीषण आग लगने से जिंदा जलकर चार लोगों की मौत हो गई। पूर्व सरपंच, उनकी पत्नी और भांजी सहित तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से झुलसीं जिला परिषद सदस्य ने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार , श्रीरामपुरा गांव निवासी पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल ले जा रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे वे अपनी कार से निकले थे। गाड़ी में रामसिंह चौधरी के साथ उनकी पत्नी (पूर्व सरपंच) सुरज्ञान देवी और उनकी भांजी महिमा भी सवार थीं।
गांव से कुछ ही दूरी पर श्रीरामपुरा के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई।
कार के भीतर ही जिंदा जले 3 लोग
हादसा इतना भयावह था कि कार के दरवाजे नहीं खुलने के कारण रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा गाड़ी के भीतर ही फंस गए। तीनों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई। कार में सवार रामसिंह की मां पूसी देवी को किसी तरह गाड़ी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वे 60 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी थीं और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
(रिपोर्ट- राजकुमार वर्मा)
ये भी पढ़ें-
कर्नाटक में नहीं हैं राज्यपाल, तो फिर CM सिद्धारमैया आज कैसे देंगे इस्तीफा?