1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक में आज नहीं हैं राज्यपाल, तो फिर CM सिद्धारमैया कैसे देंगे इस्तीफा?

कर्नाटक में आज नहीं हैं राज्यपाल, तो फिर CM सिद्धारमैया कैसे देंगे इस्तीफा?

 Reported By: T Raghavan Edited By: Malaika Imam
 Published : May 28, 2026 08:19 am IST,  Updated : May 28, 2026 10:12 am IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज अपने पद से इस्तीफा देंगे। इस बीच, जानकारी सामने आई है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज बेंगलुरु में नहीं हैं। किसी जरूरी काम से वह मुंबई गए हैं।

सिद्धारमैया- India TV Hindi
सिद्धारमैया Image Source : PTI

कर्नाटक के सियासी गलियारों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आज अपने पद से इस्तीफा देने की चर्चा है। इस बीच, जानकारी सामने आई है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत आज बेंगलुरु में नहीं हैं। राजभवन सूत्रों के मुताबिक, किसी जरूरी काम से उन्हें मुंबई जाना पड़ गया है।

राज्यपाल की गैर-मौजूदगी के बाद यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि अगर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया इस्तीफा देना चाहें, तो वह किसे और कैसे सौंपेंगे? इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने स्थिति साफ कर दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि हम राज्यपाल कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। यदि राज्यपाल उपलब्ध नहीं हैं, तो भी हम अपना काम जारी रखेंगे। राज्यपाल की अनुपस्थिति के कारण योजना में कोई बदलाव नहीं होगा।

क्या कहता है नियम?

संवैधानिक नियमों के मुताबिक, अगर राज्यपाल राज्य या शहर से बाहर हों, तो मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन के सचिव या नामित अधिकारी को सौंप सकते हैं। इसे कानूनी तौर पर वैध माना जाता है और राज्यपाल के वापस लौटते ही या उनकी सहमति मिलते ही इसे स्वीकार कर लिया जाता है।

बनाए जा सकते हैं 3 डिप्टी सीएम 

गौरतलब है कि सिद्धारमैया आज यानी गुरुवार सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। अब डीके शिवकुमार का सीएम बनना तय है। डीके शिवकुमार कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर 30 मई को शपथ लेंगे। वहीं, कर्नाटक में तीन डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, ये 3 डिप्टी सीएम अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिला वर्ग से बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा जो लोग संभावित उपमुख्यमंत्रियों की दौड़ में शामिल हैं, उनमें दलित कोटा से परमेश्वर/प्रियांक खरगे, अन्य पिछड़ा वर्ग से यतींद्र और लिंगायत से एमबी पाटिल/ईश्वर खंड्रे और अल्पसंख्यक से केजे जॉर्ज/यूटी खादर/जमीर का नाम शामिल है।

ये भी पढ़ें-

कर्नाटक के CM सिद्धारमैया आज इस्तीफा देंगे, डीके शिवकुमार का रास्ता साफ, 30 मई को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

दिल्ली में रुके डीके शिवकुमार, बेंगलुरु लौटे सिद्धारमैया, कल सुबह दे सकते हैं CM पद से इस्तीफा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत