राजस्थान के कोटा में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। गुमानपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ बदमाशों ने एक युवक पर तलवार और सरिया से जानलेवा हमला कर दिया। हद तो तब हो गई जब घायल को इलाज के लिए एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां बदमाश अस्पताल के अंदर तक आ धमके।
क्या है पूरा मामला?
घायल युवक अरबाज ने बताया कि रविवार देर रात वह घोसी मोहल्ले में खड़ा था। तभी 4-5 बाइकों पर सवार होकर कुछ बदमाश वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों में शामिल हुसैन के पास पिस्टल थी, जिससे उसने फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद बदमाशों ने तलवार और सरियों से अरबाज पर हमला कर दिया।
अस्पताल के अंदर गुंडागर्दी
परिजनों और दोस्तों ने घायल अरबाज को इलाज के लिए तुरंत एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया। लेकिन कुछ ही देर में आरोपी भी अस्पताल पहुंच गए। बदमाशों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर खड़े अरबाज के छोटे भाई को घेर लिया और चाकू से 3-4 वार कर दिए। अस्पताल के अंदर हुई इस हिंसा से वहां मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और मेडिकल स्टाफ में भारी अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। बदमाशों ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक अस्पताल कर्मचारी जान बचाने के लिए गेट की कुंडी लगाता हुआ नजर आ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। डीएसपी मनीष शर्मा ने जानकारी दी है कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फरसा से दो भाइयों पर हमला
एक ऐसी ही खबर बिहार के बगहा से सामने आई है। यहां के रामनगर थाना क्षेत्र में दो गुटों में हिंसक झड़प ने खूनी रूप ले लिया। पकड़ी गांव में खेत में पानी पटवन को लेकर हुए विवाद में एक गुट फरसा लेकर पहुंच गया। दोनों गुटों में लड़ाई के दौरान फरसा से हमला किया गया, जिसमें एक मैनेजर मांझी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसका भाई गुड्डू मांझी गंभीर रूप से घायल है, जिसे जीएमसीएच बेतिया में इलाज के लिए रेफर किया गया है। मृतक मांझी खटौरी गांव निवासी है।
(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली से महाराष्ट्र तक बिगड़ा मौसम का मिजाज, भारी बारिश के साथ तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी
तालाब में डूबे 8वीं और 7वीं के दो बच्चे, मां के साथ गौरी विसर्जन के लिए पहुंचे थे; मौत