1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फरसा से दो भाइयों पर हमला, 1 की हुई मौत, खेत में पानी को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष

फरसा से दो भाइयों पर हमला, 1 की हुई मौत, खेत में पानी को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष

 Published : Sep 16, 2026 09:58 am IST,  Updated : Sep 16, 2026 09:58 am IST

बगहा में खेत में पानी पटवन को लेकर दो गुटों में जमकर विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने इस विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक ग्रुप ने दूसरे पर फरसा से हमला कर दिया। इस हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि मृतक का भाई घायल है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

बगहा में खूनी संघर्ष- India TV Hindi
बगहा में खूनी संघर्ष Image Source : INDIA TV

बिहार के बगहा के रामनगर थाना क्षेत्र में दो गुटों में हिंसक झड़प ने खूनी रूप ले लिया। पकड़ी गांव में खेत में पानी पटवन को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान एक गुट फरसा लेकर पहुंच गया। दोनों गुटों में लड़ाई के दौरान फरसा से हमला किया गया, जिसमें एक मैनेजर मांझी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसका भाई गुड्डू मांझी गंभीर रूप से घायल है, जिसे जीएमसीएच बेतिया में इलाज के लिए रेफर किया गया है। मृतक मांझी खटौरी गांव निवासी है।

खेत में पानी को लेकर खूनी संघर्ष

बताया जा रहा है कि मैनेजर मांझी हरिनगर चीनी मिल के जबका स्थित फार्म विभाग में काम करते थे। परिजनों के अनुसार, उनके चाचा प्रसाद मांझी पकड़ी गांव के पास खिरिया सरेह में बंटाई के खेत में पटवन देखने गए थे। वहां पानी बंद मिलने पर उन्होंने भगेलू चौधरी से इसका कारण पूछा, जिसके बाद विवाद और मारपीट शुरू हो गई।

फरसा से किया गया हमला

इसके बाद प्रसाद मांझी अपने घर पहुंचे और अपने भतीजों मैनेजर मांझी और गुड्डू मांझी को घटना के बार में बताया। दोनों भाई भगेलू चौधरी के घर पहुंचे, जहां विवाद बढ़ने पर भगेलू चौधरी ने फरसा से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामनगर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया। इलाज के दौरान मैनेजर मांझी की मौत हो गई, जबकि गुड्डू का इलाज जारी है।

दो हमलावर गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भगेलू चौधरी और उसके बेटे कृष्णा चौधरी को फरसा समेत गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उधर मृतक मैनेजर मांझी का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आज मृतक का दाह संस्कार किया जाएगा।

अमित कुमार- बगहा

ये भी पढे़ें: कटिहार में 50 क्विंटल प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली जब्त, पकड़े गए कारोबारी का दावा- थाना मैनेज करते थे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।