1. Hindi News
  2. बिहार
  3. कटिहार में 50 क्विंटल प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली जब्त, पकड़े गए कारोबारी का दावा- थाना मैनेज करते थे

कटिहार में 50 क्विंटल प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली जब्त, पकड़े गए कारोबारी का दावा- थाना मैनेज करते थे

 Published : Sep 15, 2026 11:30 am IST,  Updated : Sep 15, 2026 12:43 pm IST

कोलकाता से प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली की एक बड़ी खेप कटिहार लाई जा रही थी। जिसे पुलिस की टीम और मत्स्य विभाग ने मिलकर जब्त कर लिया है। इन मछलियों के साथ 3 कारोबारियों को भी डिटेन किया गया है।

चाइनीज थाई मांगुर मछली जब्त- India TV Hindi
चाइनीज थाई मांगुर मछली जब्त Image Source : INDIA TV

बिहार के कटिहार में प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली के कारोबार के खिलाफ मत्स्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रौतारा टोल प्लाजा के पास दो ट्रैकों से करीब 50 क्विंटल प्रतिबंधित मछली जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान तीन कारोबारियों को डिटेन किया गया है। मामला सामने आने के बाद अब विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है। 

जिला मत्स्य पदाधिकारी सनत कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है उन्होंने बताया कि कोलकाता से दो ट्रकों में प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली लोड कर पूर्णिया लाई जा रही थीं। इसी दौरान रौतारा टोल प्लाजा के पास विभाग की टीम ने दोनों ट्रकों को रोककर जांच की। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मछली बरामद हुई। विभाग ने मछलियों को जब्त कर लिया है।

पकड़े गए कारोबारी का दावा- थाना मैनेज करके करते थे धंधा

डिटेन किए गए कारोबारी की पहचान अभिजीत सरकार, मोहम्मद कलीम और मोहम्मद अब्दुल्ला के रूप में हुई है। विभाग की टीम तीनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां पहुंचाई जाने थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस पूरी कार्रवाई में सबसे चौंकाने वाली बात डिटेन किए गए कारोबारियों के दावे से सामने आई है। कारोबारी ने बताया कि वह रोजाना थाना मैनेज करते हुए प्रतिबंधित मछली का कारोबार करते हैं। हालांकि इस दावे में कितनी सच्चाई है इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी हैं कि कारोबारी के इस दावे में कितनी सच्चाई है और क्या इस अवैध कारोबार में किसी अन्य व्यक्ति या तंत्र की भी भूमिका है।

पकड़ी गई प्रतिबंधित चाइनीज थाई मांगुर मछली नष्ट 

इस कार्रवाई के बाद मत्स्य विभाग ने जप्त की गई प्रतिबंधित मछलियों को नष्ट करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से जमीन खुदवा कर करीब 50 कुंटल जब्त की गई मछलियों को उसमें डालकर नष्ट कर दिया, ताकि उन्हें दोबारा बाजार में सप्लाई न कर पाएं। इसके साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। दो ट्रकों में इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मछली मिलने से अवैध कारोबार के नेटवर्क पर भी सवाल उठ रहे हैं। विभाग अब मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटा है।

इनपुट: करन कुमार- कटिहार 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।