1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. अलवर में BJP की मेयर बनते ही फूट-फूटकर रो पड़े मंत्री संजय शर्मा, बोले- "पिछली बार छला गया"; देखें VIDEO

अलवर में BJP की मेयर बनते ही फूट-फूटकर रो पड़े मंत्री संजय शर्मा, बोले- "पिछली बार छला गया"; देखें VIDEO

अलवर में बीजेपी की मेयर बनने के बाद मंत्री संजय शर्मा भावुक हो गए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि पिछली बार इसी परिसर में उनके साथ धोखा हुआ था, लेकिन इस बार बीजेपी को जीत मिली है।

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER राजस्थान के कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा

राजस्थान के अलवर नगर निगम की जिम्मेदारी राजस्थान के कैबिनेट मंत्री संजय शर्मा को सौंपी गई थी, इसलिए नतीजे आने के बाद वो भावुक हो गए। अलवर में बीजेपी की जीत के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने पिछली बार के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा कि इसी परिसर में उनके साथ धोखा हुआ था, लेकिन आज उसी जगह भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मेयर सुमनलता अग्रवाल बनी हैं।

संजय शर्मा ने कहा, "पिछली बार इसी नगर परिषद परिसर में हमारे साथ धोखा हुआ था। आज अलवर शहर की जनता और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उसका जवाब दिया है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व को जीत का श्रेय देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, बीजेपी जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता और प्रभारी रामचरण वोरा का आभार जताया।

मंत्री ने कांग्रेस नेता टीकाराम जूली पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार बीजेपी का बोर्ड बन रहा था, लेकिन "झूठ, फरेब और गुंडागर्दी" के बल पर बोर्ड बनाया गया। संजय शर्मा ने कहा कि इस बार अलवर के पार्षदों ने कांग्रेस और विशेष रूप से टीकाराम जूली को जवाब दिया है।

"बहुत जोरदार और अच्छा काम किया जाएगा"

भावुक होने की वजह बताते हुए मंत्री ने कहा, "पिछली बार इसी परिसर में मुझे छला गया था, घेरकर मारा गया था। लेकिन आज इसी परिसर में मेरी महापौर सुमन जी विजय की माला पहन रही हैं। ये मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है।" उन्होंने अलवर की जनता और बीजेपी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि आने वाले समय में शहर में "बहुत जोरदार और अच्छा काम" किया जाएगा।

गौरतलब है कि राजस्थान के शहरों में किस पार्टी की सरकार बनी है, इसकी तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। राज्य के कुल 309 नगरीय निकायों में से 302 में चेयरपर्सन का चुनाव हो चुका है। बीजेपी ने 200 निकायों में बोर्ड बनाया है, जबकि कांग्रेस को 94 निकायों में जीत मिली है। अब राजस्थान के सिर्फ 7 नगरीय निकायों के नतीजे आने बाकी हैं।

अलवर में बीजेपी की मेयर सुमनलता अग्रवाल

अलवर नगर निगम में, BJP ने 65 में से 28 वार्ड जीते, जबकि कांग्रेस को 23 वार्ड मिले। यहां बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल को मेयर चुना गया, क्योंकि उन्हें 42 वोट मिले। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि 13 निर्दलीय उम्मीदवारों ने उनके पक्ष में वोट दिया, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को सिर्फ़ 23 वोट मिले। बता दें कि 2019 में अलवर में सबसे ज्यादा सीटें जीतने के बावजूद बीजेपी क्रॉस वोटिंग और निर्दलीय पार्षदों के कांग्रेस के साथ जाने से मेयर का चुनाव हार गई थी।

ये भी पढ़ें-

बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में सिक्का उछालकर तय हुए नगर पालिका अध्यक्ष, BJP के हितेश पड़ियार विजयी

पाली और अजमेर के मेयर चुनाव में BJP ने किया बड़ा उलटफेर, ज्यादा सीटें होने के बावजूद हारी कांग्रेस