1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. डूबता झुंझुनूं! प्री-मॉनसून ने खोली प्रशासन की पोल, बाइक समेत गड्ढे में समा गया युवक; VIDEO

डूबता झुंझुनूं! प्री-मॉनसून ने खोली प्रशासन की पोल, बाइक समेत गड्ढे में समा गया युवक; VIDEO

प्री-मॉनसून की जोरदार बारिश ने झुंझुनूं नगर परिषद के ड्रेनेज सिस्टम और दावों की पोल खोल दी। गुरुवार को हुई तेज बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। एक बाइक सवार अपनी बाइक समेत गड्ढे में समा गया।

बाइक समेत गड्ढे में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बाइक समेत गड्ढे में गिरा युवक।

मॉनसून की दस्तक ने राजस्थान के झुंझुनूं शहर की तैयारियों की पोल खोल दी। गुरुवार शाम कुछ घंटों की तेज बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। हालात ऐसे बने कि प्रमुख सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं, चौराहे तालाब में बदल गए और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया। झुंझुनूं शहर की प्रमुख सड़कें 3-4 फीट तक पानी से लबालब हो गई। एक बाइक सवार अपनी बाइक समेत गड्ढे में समा गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बाहर निकाला। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। जोकि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सड़कों पर रेंगते वाहन, लोगों ने धक्का देकर निकाली गाड़ियां

भारी जलभराव के कारण शहर की कई सड़कों पर दुपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। वाहन चालक घुटनों तक पानी में उतरकर अपनी बाइक और स्कूटी को धक्का लगाते नजर आए। कारें भी पानी में फंसी दिखाई दीं। कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग गया।

गुरुवार को हुई तेज बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। इस दौरान एक बाइक सवार अपनी बाइक समेत गड्ढे में समा गया। इस घटना से विकास के दावों की पोल भी खुल गई है।

सामने आया वीडियो-

हर तरफ पानी ही पानी, चौराहे बने तालाब

झुंझुनूं जिला मुख्यालय सहित कई शहरों पिलानी, चिड़ावा, सूरजगढ़, खेतड़ी में जलभराव ने विकराल रूप ले लिया। बाजारों में दुकानों के बाहर पानी भर गया, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ। राहगीरों को सुरक्षित रास्ता तलाशने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

प्री मॉनसून ने खोल दी तैयारियों की हकीकत

मॉनसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने के दावे किए जाते रहे, लेकिन पहली ही तेज बारिश में कई इलाके पानी में डूब गए। कई जगह नाले ओवरफ्लो हो गए तो कहीं पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं मिला। इससे साफ हो गया कि कागजों में हुई तैयारियां जमीन पर दिखाई नहीं दीं।

नागरिकों का कहना है कि हर साल मॉनसून में यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। लोगों ने जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष योजना बनाकर ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करने की मांग की है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

यह भी पढ़ें-

19 साल का लड़का बेच रहा था री-नीट का पेपर, पुलिस ने पकड़ा, जांच की तो सब फर्जी निकला

राजस्थान: महिला ने 70 साल की बुजुर्ग को चाय पर घर बुलाया, कुल्हाड़ी से शरीर के कई टुकड़े किए, फिर लूट लिए जेवर