1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 19 साल का लड़का बेच रहा था री-नीट का पेपर, पुलिस ने पकड़ा, जांच की तो सब फर्जी निकला

19 साल का लड़का बेच रहा था री-नीट का पेपर, पुलिस ने पकड़ा, जांच की तो सब फर्जी निकला

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 19, 2026 12:37 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 12:37 pm IST

आरोपी युवक की उम्र 19 साल है। वह टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया एप पर री-नीट परीक्षा का फर्जी पेपर बेच रहा था। जांच में सामने आया है कि पेपर पूरी तरह फर्जी था।

Fake neet paper case- India TV Hindi
पुलिस की गिरफ्त में फर्जी पेपर बेचने वाला युवक Image Source : REPORTER INPUT

नीट यूजी 2026 की परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित कराई जाएगी। इससे पहले छात्रों को फर्जी पेपर बेचे जा रहे हैं। राजस्थान के भीलवाड़ा में पुलिस ने ऐसे ही एक युवक को पकड़ा है, जो फर्जी पेपर सोशल मीडिया के जरिए बेच रहा था। गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि भीलवाड़ा एसपी सागर राणा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने एक मकान पर दबिश देकर एक युवक को डिटेन किया है, जिसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी टेलीग्राम का इस्तेमाल अमेरिका के वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क वीपीएन के जरिए करता था। इसी तरीके से वह सोशल मीडिया पर फर्जी नीट पेपर बेच रहा था। प्रताप नगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा ने कहा कि 21 जून को देश भर में नीट परीक्षा का आयोजन होगा, जिसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

भीलवाड़ा एसपी सागर राणा ने भीलवाड़ा जिले में निष्पक्ष परीक्षा आयोजन करवाने को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से पुलिस की टीम सतर्क थी। एसपी कार्यालय की जिला विशेष शाखा को आई-मेक पोर्टल पर एक विशेष गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि कुछ असामाजिक तत्व री- नीट परीक्षा का फर्जी और बोगस पेपर तैयार कर टेलीग्राम और सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन बेच रहे हैं। 

वीपीएन के जरिए बेच रहा था फर्जी पेपर

एसपी के निर्देश पर प्रतापनगर थाना प्रभारी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने प्रतापनगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर में 19 वर्षीय आकाश नाम के युवक के मकान पर दबिश देकर डिटेन किया। इस दौरान मौके पर आकाश सोशल मीडिया पर यूएसए के वीपीएन नंबर और प्रोक्सी नेटवर्क के जरिए टेलीग्राम संचालित कर री- नीट का फर्जी व बोगस पेपर अन्य युवाओं को ऑनलाइन भेज रहा था।

जयपुर में तैयारी कर रहा था आरोपी

पुलिस ने 19 वर्षीय आकाश को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से चुरू जिले के रावतसर कुजला का रहने वाला है। आकाश नामक युवक से पूछताछ के बाद शुक्रवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से एक नीट की बुक, मोबाईल फोन व अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी जयपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और दो दिन पहले ही जयपुर से भीलवाड़ा लौटा था। अब भीलवाड़ा पुलिस गिरफ्तार किए गए युवक से पूछताछ कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन युवा शामिल है और कब से ऐसा प्रयास कर रहे थे। पूरी पूछताछ के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।

(भीलवाड़ा से सोमदत्त त्रिपाठी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

राजस्थान: कोटा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों से की बात, बोले- हमारी शिक्षा प्रणाली युवाओं को हमेशा 5 ही रास्ते क्यों दिखाती है?

"बहुत दूर जा रहा हूं, पता नहीं कहां", लिखकर NEET अभ्यर्थी ने किया सुसाइड; फंदे से लटकता मिला शव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।