राजस्थान के झालावाड़ जिले में पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद में बीच-बचाव करना दो युवकों को भारी पड़ गया। असनावर क्षेत्र के अकतासा गांव में झगड़ा शांत कराने पहुंचे दो चचेरे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए झालावाड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
किसी बात को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घाटोली क्षेत्र के खेरखेड़ा गांव निवासी सूरज मीणा और उसका चचेरा भाई रवि मीणा कुछ दिन पहले अपनी बहन अनीता मीणा के ससुराल अकतासा गांव आए थे। इसी दौरान अनीता के पड़ोस में रहने वाली एक महिला का थरोल गांव से आए उसके पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते पति-पत्नी के बीच झगड़ा बढ़ने लगा और स्थिति हिंसक हो गई।
सूरज और रवि ने की बीच-बचाव करने की कोशिश
झगड़ा होता देख वहां मौजूद सूरज मीणा और रवि मीणा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इसी दौरान विवाद में शामिल एक व्यक्ति ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों चचेरे भाई घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूरज के पेट में फंसा रहा चाकू
हमले में सूरज मीणा के पेट में चाकू लग गया और वह पेट में ही फंसा रह गया। गंभीर हालत में उसे झालावाड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन थिएटर में उसका उपचार किया गया। वहीं, रवि मीणा का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचे परिजन
घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। फिलहाल, इस घटना में हमले के कारणों और आरोपी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की टीम इस घटना के सभी पहलुओं, हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है। पुलिस की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
झालावड़ से अनीस की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: