राजस्थान की राजधानी जयपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने सांभरलेक थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इसके बाद ACB ने पुलिस निरीक्षक के सरकारी क्वार्टर और जयपुर स्थित आवास की तलाशी भी की है जिसमें नकदी, वाहन और कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं। आइए जानते हैं कि इस मामले के बारे में अब तक क्या पता लगा है।
क्या है पूरा मामला?
ACB की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को राममिलन मीणा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद उसी दिन सांभरलेक थाना परिसर स्थित उनके सरकारी क्वार्टर की खानातलाशी ली गई। यहां से 50 हजार रुपये नकद और उनके नाम पंजीकृत ग्रैंड विटारा वाहन मिला। इसके बाद जयपुर के जगतपुरा स्थित महादेव नगर के 63-ए आवास की भी तलाशी ली गई। ACB के मुताबिक, यह विला आरोपी के नाम पर पाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी और उसके पिता के नाम से बैंक ऑफ इंडिया, एमआई रोड जयपुर और SBI, मंडावरी दौसा में संयुक्त लॉकर होने की जानकारी सामने आई।
लॉकर खोले तो मिले सोने-चांदी के आभूषण
जब आरोपी पुलिस निरीक्षक के दोनों बैंक लॉकरों की तलाशी की गई तो इसमें करीब 5.25 किलो चांदी मिली, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 20 तोला सोने के आभूषण भी मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 29 लाख रुपये आंकी गई है। यानी लॉकरों से मिले सोने-चांदी की अनुमानित कीमत करीब 41.50 लाख रुपये है। ACB अब बरामद संपत्ति और दस्तावेजों के आधार पर यह जांच करेगी कि इन संपत्तियों और कीमती सामान का स्रोत क्या है और क्या इनका संबंध आरोपी की ज्ञात आय के स्रोतों से है।
भरतपुर में असिस्टेंट इंजीनियर गिरफ्तार
आपको बता दें कि इससे पहले राजस्थान के भरतपुर जिले में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए ACB ने एक सहायक इंजीनियर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। जब एसीबी की टीम ने असिस्टेंट इंजीनियर के घर पर रेड की तो वहां से 43 लाख 38 हजार 500 रुपये कैश और करीब 20 किलोग्राम चांदी की ईंटें बरामद की गई। इसके अलावा एसीबी को हिंडौन कस्बे में स्थित दो दुकानों, मानसरोवर जयपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के एक मकान सहित अन्य भू-संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
ये भी पढ़ें- युवक पर तलवार-सरिया से हमला, इलाज कराने अस्पताल पहुंचा तो वहां भी आ धमके हमलावर; VIDEO आया सामने
VIDEO: फेसबुक लाइव कर 198 KM/H की रफ्तार में दौड़ाई कार, डंपर में जा घुसी, दो बच्चों के पिता की मौके पर मौत