भरतपुर जिले की भुसावर पंचायत समिति में सोमवार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए सहायक अभियंता के आवास पर जब एसीबी की टीम ने छापेमारी की तो घर में नोटों का पहाड़ और चांदी की ईंटें देखकर चौंक गई। छापेमारी में एसीबी की टीम ने आरोपी के घर से 43 लाख 38 हजार 500 रुपये कैश और करीब 20 किलोग्राम चांदी की ईंटें बरामद की हैं। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भरतपुर इकाई ने 14 सितंबर को पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। असिस्टेंट इंजीनियर भरतपुर वैर का रहने वाला है।
छापेमारी में कैश और चांदी की ईंटे बरामद
घूस लेते गिरफ्तार किए गए असिस्टेंट इंजीनियर की गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की जिसके बाद आरोपी के रिहायशी मकान की नियमानुसार खाना तलाशी की गई। एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में एसीबी चौकी भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के नेतृत्व में खाना तलाशी की कार्रवाई की गई। इस दौरान घर से 43 लाख 38 हजार 500 रुपये नकद और करीब 20 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं।
कैश और चांदी के साथ प्रॉपर्टी के पेपर मिले
तलाशी के दौरान एसीबी की टीम को हिंडौन कस्बे में स्थित दो दुकानों, मानसरोवर जयपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड के एक मकान सहित अन्य भू-संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। एसीबी की अब बरामद की गई नकदी, चांदी और संपत्तियों के बारें में आरोपी से आय के स्रोतों से संबंध की जांच कर रही है। खाना तलाशी रिपोर्ट और बरामद दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे अनुसंधान किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
मामले का कैसे पता चला
एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता ने बताया कि भरतपुर थाने को ठेकेदार से घूस लेने की एक शिकायत मिली थी। ठेकेदार ने आरोप लगाया गया था कि बिल पास करने की एवज में असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने असिस्टेंट इंजीनियर को रंगे हाथों घूस लेते गिरफ्तार किया था और फिर उसके बाद घर में छापेमारी की गई।
(भरतपुर से कपिल चीमा की रिपोर्ट)