1. Hindi News
  2. बिहार
  3. रोसड़ा में 2 लाख रुपये रिश्वत लेते डीसीएलआर गिरफ्तार, आवास से 13.82 लाख अतिरिक्त कैश बरामद

रोसड़ा में 2 लाख रुपये रिश्वत लेते डीसीएलआर गिरफ्तार, आवास से 13.82 लाख अतिरिक्त कैश बरामद

 Published : Aug 28, 2026 12:03 pm IST,  Updated : Aug 28, 2026 12:03 pm IST

बिहार के समस्तीपुर में रोसड़ा DCLR कंचन कुमारी झा को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते निगरानी ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आवास से 13 लाख से अधिक नकद बरामद हुए हैं।

रोसड़ा में 2 लाख रुपये रिश्वत लेते डीसीएलआर गिरफ्तार, आवास से 13.82 लाख अतिरिक्त कैश बरामद- India TV Hindi
रोसड़ा में 2 लाख रुपये रिश्वत लेते डीसीएलआर गिरफ्तार, आवास से 13.82 लाख अतिरिक्त कैश बरामद Image Source : INDIA TV

बिहार में भ्रष्टाचार पर लगाम कसने और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडल में तैनात भूमि सुधार उप समाहर्ता को निगरानी की विशेष टीम ने 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के फौरन बाद अधिकारी के आवास पर की गई छापेमारी में 13 लाख 82 हजार रुपये का अतिरिक्त कैश भी बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

2 लाख रुपये की रिश्वत लेते DCLR गिरफ्तार 

निगरानी विभाग की टीम ने रोसड़ा की DCLR कंचन कुमारी झा को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उनके एक घरेलू नौकर को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद से जुड़े एक मामले को निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। शिकायत के बाद निगरानी टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और रिश्वत की रकम लेते DCLR को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने DCLR के सरकारी आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से 13 लाख 82 हजार रुपये अतिरिक्त नकद बरामद किए गए। इस तरह कार्रवाई में कुल 15 लाख 82 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

इसके अलावा दोनों के पास से करीब 37 हजार रुपये की नई वॉशिंग मशीन भी बरामद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि DCLR का घरेलू नौकर उनके लिए कथित तौर पर बिचौलिए के रूप में काम करता था। निगरानी विभाग ने DCLR कंचन कुमारी झा और उनके घरेलू नौकर को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, DCLR कंचन कुमारी झा का कहना है कि उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। 

डीएसपी के नेतृत्व में धावादल का गठन
अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक दिवाकर कुमार दिनकर के अनुरोध पर निगरानी उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल बना। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ के बाद दोनों को मुजफ्फरपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।