A
  1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. दर्दनाक हादसा! सामने जा रही ट्रेलर से टकराई बस, 6 यात्रियों की हुई मौत; कई घायल

दर्दनाक हादसा! सामने जा रही ट्रेलर से टकराई बस, 6 यात्रियों की हुई मौत; कई घायल

राजस्थान के बालोतरा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक एक बस, सामने जा रहे ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बस में सवार छह यात्रियों की हुई मौत। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बस में सवार छह यात्रियों की हुई मौत।

बालोतरा: जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से सांचौर जा रही एक स्लीपर बस ओवरटेक के प्रयास में आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ शव बस से बाहर लटके नजर आए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेलर से टकरा गई बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कल्याणपुर के पास सरवड़ी गांव में हुआ। टक्कर के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बालोतरा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 6 शवों को नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

छह लोगों की मौत

बालोतरा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह ने कहा, "सरवड़ी गांव के पास एक बस के आगे चल रहे ट्रेलर से टकराने पर छह लोगों की मौत हो गई।" राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा सरवड़ी गांव के पास हुआ जब स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। अधिकारियों के अनुसार हादसा भीषण था और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। 

सीएम ने हादसे पर जताया दुख

वहीं इस हादसे पर राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने भी दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सीएम भजनलाल शर्मा ने एक पोस्ट किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "बालोतरा के सरवड़ी में नेशनल हाईवे पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। स्थानीय प्रशासन को बचाव कार्य एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें। ॐ शांति!" (इनपुट- कन्हैयालाल दलोरा)

यह भी पढ़ें-

माउंट आबू सहित तीन जगहों के बदले नाम, CM भजनलाल शर्मा ने किया बड़ा ऐलान; जानें क्या हैं नए नाम?