राजस्थान के अलवर जिले में स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र से एक अद्भुत नजारा सामने आया है। यहां के लिवरी सफारी ट्रैक पर भ्रमण के लिए आए ब्रिटिश पर्यटक उस वक्त झूम उठे, जब उन्हें एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ पांच टाइगर्स नजर आए। गर्मी के बीच बाघिन और उसके शावकों को पानी में अठखेलियां करते देख विदेशी सैलानी मंत्रमुग्ध हो गए।
सफारी गाइड आकाश पारीक ने बताया कि शनिवार शाम के समय चार ब्रिटिश पर्यटक लिवरी ट्रैक पर सफारी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान वॉटर पॉइंट के पास बाघिन एसटी-19 अपने चार शावकों के साथ दिखाई दी। पर्यटकों के लिए यह पल किसी सपने जैसा था, क्योंकि वे पहली बार टाइगर देखने आए थे और उन्हें पूरी टाइगर फैमिली एक साथ मिल गई।
पानी में अठखेलियां करते दिखे
जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, वन्यजीव पानी की तलाश में वॉटरहॉल्स पर नजर आने लगे हैं। शावक अब काफी बड़े हो चुके हैं और कद-काठी में वयस्क बाघों जैसे ही दिखते हैं। शावक एक-एक कर पानी में उतर गए और बीच में मस्ती करने लगे। बाघिन किनारे पर बैठकर अपने बच्चों पर नजर रख रही थी। पर्यटकों ने करीब 30 मिनट से ज्यादा समय तक इस अद्भुत नजारे को निहारा और अपने कैमरों में वीडियो कैद किए।
इस रोमांचक अनुभव के बाद विदेशी पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इस यादगार सफारी के लिए गाइड आकाश पारीक और चालक गणेश का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
(रिपोर्टर- नेहा)
ये भी पढ़ें-
युवक ने मंदिर में घुसकर माता के वस्त्र को लगाई आग, बवाल सामने आने पर आरोपी के परिजनों ने मांगी माफी
प्रेम में हुई तीसरे की एंट्री तो बिगड़ी बात, MCA छात्र-छात्रा ने एक-दूसरे को चाकू घोंपा; मची चीख-पुकार