1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. घर में घुसने के शक में युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, चप्पलों की माला पहनाई, बाल और मूंछ भी काटी

घर में घुसने के शक में युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, चप्पलों की माला पहनाई, बाल और मूंछ भी काटी

बाड़मेर में ग्रामीणों ने एक शख्स को पकड़कर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे चप्पलों की माला पहनाई और फिर सिर के बाल और मूंछ काट दी। युवक को किसी घर में घुसने के शक में पकड़ा गया था।

युवक को पकड़कर काटे बाल और मूंछ।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक को पकड़कर काटे बाल और मूंछ।

बाड़मेर: जिले के शिव थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां जोरानाडा गांव में एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, उसके बाल काटे गए और गले में जूतों की माला पहनाकर उसे अपमानित किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस की टीम पीड़ित को थाने लेकर आई और उसके परिजनों को भी बुलाया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया है।

घर में घुसने के शक में पकड़ा

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। आरोप है कि युवक के किसी घर में घुसने के शक में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे बंधक बना लिया और फिर उसके साथ मारपीट की गई। कथित तौर पर उसके सिर के बाल तथा आधी मूंछ काट दी गई। इतना ही नहीं, युवक के गले में जूतों की माला पहनाकर उसका वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया।

युवक को चप्पलों की माला पहनाई

घटना के अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिनमें युवक के साथ अभद्र व्यवहार होता दिखाई दे रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले आई। पुलिस ने पीड़ित के परिजनों को बुलाकर रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश आर्य ने बताया कि किसी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार कानूनन गलत है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

अन्य युवक की पीट-पीटकर हत्या

बाड़मेर के ही एक अन्य मामले में 25 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह की है। युवक एक विवाहित महिला के साथ भागने की कोशिश कर रहा था। थानाधिकारी विक्रम चरण ने बताया कि मृतक की पहचान चौहटन थाना क्षेत्र के सांवलोर गांव मगाराम के रूप में हुई है, जिसका दूसरे गांव की 32 वर्षीय एक महिला से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार महिला विवाहित है और उसके छह बच्चे हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों एक साथ निकल रहे थे, तभी महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें देख लिया। उन्होंने लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। (इनपुट- कृष्णा)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में 10वीं मंजिल से गिरकर 5 साल की बच्ची की हुई मौत, सो कर उठने के बाद मां को खोज रही थी