नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन में 10वीं मंजिल से गिरने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक बच्ची जल्दी ही सो गई थी और वह बाद में उठी। उस समय परिवार के अन्य सदस्य कामों में व्यस्त थे। बच्ची अपनी मां को खोजते हुए बालकनी की तरफ गई और फिसलकर नीचे गिर गए। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि अगर बालकनियों में सुरक्षा ग्रिल या जाली लगी होती, तो हमारी बच्ची आज जीवित होती। ऐसी इमारतों में बच्चों के लिए सुरक्षा के उचित इंतजाम होने चाहिए।
14 मंजिला इमारत से गिरी बच्ची
पुलिस ने बताया कि कालकाजी एक्सटेंशन में एक रिहायशी अपार्टमेंट बिल्डिंग की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि वे सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बच्ची अपने परिवार के साथ आशा किरण अपार्टमेंट में रहती थी, जो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा बनाया गया 14 मंजिला रिहायशी कॉम्प्लेक्स है। यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई।
मां को खोजते समय गिरी बच्ची
शुरुआती जांच के अनुसार, बच्ची शाम को जल्दी सो गई थी, लेकिन जब उसके माता-पिता घर के कामों में व्यस्त थे, तब वह जाग गई। पुलिस ने बताया कि जब उसे अपनी मां नहीं मिली, तो वह बालकनी की ओर गई और नीचे देखते हुए रेलिंग पर झुकी और गलती से फिसल गई। आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पिता मिथुन दास, इलाके में मछली की दुकान चलाते हैं। पुलिस ने बताया कि एक क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल घटनाक्रम को समझने के लिए अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के अंदर और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है।
परिवार ने लगाए आरोप
पुलिस टीम ने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य निवासियों के बयान भी दर्ज किए हैं। बच्ची के परिवार ने इस दुखद घटना के लिए ऊंची इमारत में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने को जिम्मेदार ठहराया। परिवार के एक सदस्य ने बताया, "अगर बालकनियों में सुरक्षा ग्रिल या जाली लगी होती, तो हमारी बच्ची आज जीवित होती। ऐसी इमारतों में बच्चों के लिए सुरक्षा के उचित इंतजाम होने चाहिए।" एक अन्य रिश्तेदार ने कहा कि परिवार इस घटना से बुरी तरह टूट गया है। रिश्तेदार ने कहा, "वह अभी-अभी सोकर उठी थी और अपनी मां को ढूंढ रही थी। कुछ ही पलों में वह चली गई। किसी भी परिवार को ऐसी दुखद घटना का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।"
यह भी पढ़ें-
एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, युवती के घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर