1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. वाहन चोरी के आरोप में डिटेन युवक ने थाने में लगाई फांसी, 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

वाहन चोरी के आरोप में डिटेन युवक ने थाने में लगाई फांसी, 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

वाहन चोरी करते पकड़े गए एक युवक ने थाने में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

राजस्थान की राजधानी जयपुर के सदर थाने में शनिवार शाम एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसकी पहचान मनीष पांडे (28) के रूप में हुई है। मनीष को वाहन चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी रविवार को दी।

नशे की हालत में था युवक

पुलिस के अनुसार, मनीष पांडे को वाहन चोरी के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया था। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था और थाने के एक कमरे के पास बैठा था। जब पुलिसकर्मी अपने काम में व्यस्त थे, तो  मनीष एक कमरे में गया और कथित तौर पर फंदा लगा लिया।

शवगृह के बाहर परिजनों का धरना प्रदर्शन

मनीष को तत्काल एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शवगृह के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

सदर थानाधिकारी सहित 6 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थानाधिकारी सहित पांच अन्य पुलिसकर्मियों को सदर थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस ने बताया है कि इस पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी, ताकि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच हो सके।

इनामी मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

एक अन्य खबर में, जोधपुर पुलिस ने कई गंभीर अपराधों में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर चीमाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कुख्यात तस्कर छह साल से फरार था। पुलिस महानिरीक्षक (जोधपुर रेंज) विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन झंकार’ के तहत पुलिस की विशेष ‘साइक्लोनर’ टीम द्वारा की गई। बाड़मेर जिले के लीलसर गांव का निवासी चीमाराम पश्चिमी राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी का सरगना और इलाके में मादक पदार्थों के सबसे बड़े नेटवर्क में से एक का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

जेल से छूटे बदमाशों की हिमाकत, एयरपोर्ट के पास की आगजनी; CCTV फुटेज आया सामने

राजा रघुवंशी हत्याकांड: जिस फ्लैट में रुकी थी सोनम, उस बिल्डिंग का गार्ड गिरफ्तार