1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Ganga Dussehra: गंगा दशहरा पर इस तरह करें शिवलिंग का अभिषेक, जीवन के सभी संकट होंगे दूर

Ganga Dussehra: गंगा दशहरा पर इस तरह करें शिवलिंग का अभिषेक, जीवन के सभी संकट होंगे दूर

Ganga Dussehra: गंगा दशहरा का पावन पर्व 5 जून को मनाया जाएगा। इस दिन माता गंगा की पूजा के साथ ही अगर आप शिवलिंग का जलाभिषेक भी करते हैं तो शुभ फलों की प्राप्ति आपको होती है।

Ganga Dussehra 2025- India TV Hindi
Image Source : META AI गंगा दशहरा 2025

Ganga Dussehra: गंगा दशहरा हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। धार्मिक मतानुसार इसी दिन माता गंगा का अवतरण धरती पर हुआ था। भगवान शिव की जटाओं से निर्मल धारा के रूप में बहकर गंगा मां धरती पर आयी थीं। इसलिए माता गंगा की पूजा के साथ ही इस दिन शिव पूजन का भी बड़ा महत्व है। गंगा दशहरा के दिन अगर आप शिवलिंग का अभिषेक करते हैं तो जीवन के सभी संकटों से आपको मुक्ति मिल सकती है। शिवलिंग का जलाभिषेक करने की अलग-अलग विधियों के बारे में आज हम आपको जानकारी देंगे। 

गंगा दशहरा पर इन चीजों से करें शिवलिंग का अभिषेक

गंगा दशहरा के दिन जीवन की विभिन्न समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए आप शिवलिंग का जलाभिषेक भी अलग-अलग चीजों से कर सकते हैं। जल, दूध के साथ ही कई अन्य पदार्थ भी हैं जिनसे शिवलिंग का जलाभिषेक किया जा सकता है। 

गंगाजल से अभिषेक- गंगा दशहरा के दिन अगर आप गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करते हैं तो आपकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। अगर गंगाजल उपलब्ध नहीं है तो सामान्य जल से भी आप अभिषेक कर सकते हैं। 

दूध से अभिषेक- शिवलिंग का अभिषेक अगर आप गंगा दशहरा के दिन दूध से करते हैं तो आपको मानसिक शांति प्राप्त होती है। उलझनों और मानसिक पीड़ाओं से मुक्ति के लिए दूध से शिवलिंग का अभिषेक आप कर सकते हैं। इसके साथ ही दूध से शिवलिंग का अभिषेक करने से पारिवारिक और वैवाहिक जीवन में भी सकारात्मकता आती है। 

दही से अभिषेक- अगर प्रेम जीवन में समस्याओं का सामना आपको करना पड़ रहा है तो गंगा दशहरा पर दही से शिवलिंग का अभिषेक करें। ऐसा करने से आपको भौतिक सुखों की भी प्राप्ति होती है। 

घी से अभिषेक- अगर आप अच्छी सेहत और दीर्घायु की कामना करते हैं तो गंगा दशहरा के दिन आपको घी से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। 

गन्ने के रस से अभिषेक- कारोबार में मुनाफा, करियर में उन्नति और धन लाभ प्राप्त करने के लिए शिवलिंग का अभिषेक गन्ने के रस से करना चाहिए। यह उपाय आपकी तिजोरी को पैसों से भर सकता है। 

जल में काले तिल मिलाकर अभिषेक- जल में काले तिल मिलाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करने से भगवान शिव के साथ ही शनि देव भी प्रसन्न होते हैं। ऐसा करने से जीवन की कई समस्याओं का अंत हो सकता है। 

शहद से अभिषेक- अगर आप धन पर्याप्त मात्रा में चाहते हैं और हर प्रकार के कर्ज से मुक्ति पाना चाहते हैं तो आपको शहद से गंगा दशहरा के दिन शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। 

भस्म से अभिषेक- भस्म से शिवलिंग का अभिषेक करने से नकारात्मकता और हर प्रकार की बुरी शक्ति से आपको छुटकारा मिल सकता है। 

शिवजी की प्रिय चीजों से अभिषेक- बेलपत्र, धतुरा भगवान शिव को अतिप्रिय है इसलिए शिवलिंग का अभिषेक आप इन चीजों से भी कर सकते हैं। इससे नकारात्मक शक्तियों और शत्रुओं का नाश होता है। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)