NZ vs WI : विंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुए केन विलियम्सन, जानिए क्या है कारण
NZ vs WI : विंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुए केन विलियम्सन, जानिए क्या है कारण
IANS
Published : Dec 10, 2020 12:59 pm IST, Updated : Dec 10, 2020 01:01 pm IST
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन बेसिन रिजर्व मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे।
Image Source : GETTY IMAGESKane Williamson
वेलिंग्टन| न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन बेसिन रिजर्व मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार से शुरू हो रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। वह अपनी गर्भवती पत्नी के पास रहेंगे इसलिए इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। टीम के कोच गैरी स्टेड ने गुरुवार को कहा कि टॉम लाथम टीम की कप्तानी करेंगे और विलियम्सन की जगह युवा बल्लेबाज विल यंग तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे।
स्टफ डॉट को डॉट एनजेड की रिपोर्ट के मुताबिक, विलियम्सन की पत्नी साराह इसी महीने पहले बच्चे को जन्म देने वाली हैं।
स्टेड ने कहा, "यह फैसला हमने उनके और साराह के हित को देखते हुए लिया है।"
कोच ने कहा, "विलियम्सन पहले इंसान नहीं हैं जो बच्चे के जन्म के कारण टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। हमारी शुभकामनाएं साराह और विलियम्सन के साथ हैं। हम इस बात को सुनिश्चित करना चाहते हैं कि मां और बच्चे का अच्छे से ख्याल रखा जाए।"
पहले टेस्ट में यंग ने पदार्पण किया था और सिर्फ पांच रन बनाए थे। वहीं विलियम्सन ने 251 रनों की पारी खेल कर टीम को वेस्ट इंडीज के खिलाफ पारी और 134 रनों से जीत दिलाई थी।