अभिषेक शर्मा ने चकनाचूर किया युवराज का महारिकॉर्ड, पाकिस्तान के खिलाफ इतनी गेंदों में ही जड़ी फिफ्टी
अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी की है और उन्होंने अर्धशतक लगाया है। उनके आगे पाकिस्तानी बॉलर टिक नहीं पाए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और उन्होंने गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई। उन्होंने मैदान के हर तरफ स्ट्रोक लगाए और किसी भी बॉलर को नहीं बख्शा। अभिषेक की ताबड़तोड़ बैटिंग का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने सुपरस्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को पहली गेंद पर ही छक्का जड़ दिया।
युवराज सिंह भी हो गए पीछे
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 24 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और इसी के साथ वह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उन्होंने युवराज सिंह का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। युवराज सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ 2012 में T20I मैच में सिर्फ 29 गेंदों में ही फिफ्टी लगाई थी। अब अभिषेक ने उनका कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
विस्फोटक बैटिंग से लगाया अर्धशतक
अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच को बिल्कुल एकतरफा कर दिया। उन्होंने 39 गेंदों में कुल 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वह अबरार अहमद की गेंद पर बड़ा स्ट्रोक लगाने के चक्कर में हारिस रऊफ को कैच थमाकर आउट हो गए।
अभिषेक के आगे नहीं टिका सूर्या का रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने पारी में पांच छक्के लगाते ही अपने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 50 छक्के पूरे कर लिए। वह भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने 331 गेंदों में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली है। उनसे पहले भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 50 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था। सूर्या ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 510 गेंदों में 50 छक्के पूरे किए थे।
अभिषेक शर्मा ने भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2024 में डेब्यू किया था और इसके बाद से ही वह भारतीय टीम की अहम कड़ी बने हुए हैं। उन्होंने 21 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 708 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
अभिषेक शर्मा और हारिस रऊफ के बीच हाथापाई की नौबत आई, क्रिकेट का मैदान बना अखाड़ा
नजर हटी, दुर्घटना घटी; पाकिस्तानी बल्लेबाज ने कर दिया ब्लंडर, कुछ इस तरह से हुआ रन आउट
