1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में किया एक और बड़ा कारनामा, चकनाचूर कर दिया मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल में किया एक और बड़ा कारनामा, चकनाचूर कर दिया मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बल्ले से 68 रनों की पारी देखने को मिली, जिसमें वह 2 छक्के भी लगाने में कामयाब रहे।

Abhishek Sharma- India TV Hindi
Image Source : AP अभिषेक शर्मा

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया की तरफ से अभिषेक शर्मा को छोड़कर बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक देखने को मिला। भारतीय टीम की पारी इस मुकाबले में 18.5 ओवर्स में सिर्फ 125 रन बनाकर सिमट गई। अभिषेक शर्मा के बल्ले से टीम इंडिया की पारी में 68 रन देखने को मिले जिसमें उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों का सामना किया। वहीं अपनी इस शानदार पारी के दौरान अभिषेक ने 8 चौके और 2 छक्के भी लगाए जिसके दम पर वह पाकिस्तानी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान का बड़ा रिकॉर्ड चकनाचूर करने में कामयाब रहे।

एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ओपनिंग बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने जब से टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया उसके बाद से उनका लगातार शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। अभिषेक शर्मा ने जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी पारी के दौरान दूसरा छक्का लगाया तो उसी के साथ वह ओपनिंग बल्लेबाज के तौर फुल मेंबर्स टीम के प्लेयर के रूप में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। अभिषेक ने इस मामले में पाकिस्तानी टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के रिकॉर्ड को धराशायी किया है, जिन्होंने साल 2021 में टी20 इंटरनेशनल में बतौर ओपनिंग बल्लेबाज 42 छक्के लगाए थे। अब अभिषेक ने इस लिस्ट में मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया जिसमें वह अभी तक साल 2025 में कुल 43 छक्के लगा चुके हैं।

एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ओपनिंग बल्लेबाज (फुल मेंबर्स टीम)

  • अभिषेक शर्मा (भारत) - 43 छक्के, साल 2025
  • मोहम्मद रिजवान (पाकिस्तान) - 42 छक्के, साल 2021
  • मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) - 41 छक्के, साल 2021
  • एविन लुईस (वेस्टइंडीज) - 37 छक्के, साल 2021
  • कॉलिन मुनरो (न्यूजीलैंड) - 35 छक्के, साल 2018

हजार रन पूरे करने से सिर्फ 64 रन दूर

अभी तक अभिषेक शर्मा ने अपने टी20 इंटरनेशनल में कुल 26 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 25 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। अभिषेक ने इस दौरान 37.44 के औसत से कुल 936 रन बनाए हैं, इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतकीय और 6 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। अभिषेक को अपने एक हजार रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिए सिर्फ 64 रनों की और जरूरत है, जिसमें यदि वह अगले मुकाबले में वह ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

ये भी पढ़ें

इस खिलाड़ी को क्यों मौका नहीं दे रहे कप्तान सूर्या, भारत के लिए ले चुका सबसे ज्यादा T20I विकेट

IND vs AUS: मेलबर्न टी20 में काली पट्टी बांधकर खेलेंगे दोनों टीम के प्लेयर्स, 17 साल के खिलाड़ी को श्रद्धांजलि

Latest Cricket News