1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. आदिल रशीद ने तीसरे मैच में हासिल की बड़ी उपलब्धि, T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहुंचे दूसरे नंबर पर

आदिल रशीद ने तीसरे मैच में हासिल की बड़ी उपलब्धि, T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहुंचे दूसरे नंबर पर

इंग्लैंड के लेग स्पिन गेंदबाज आदिल रशीद ने भारतीय टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में 2 विकेट हासिल करने के साथ अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

Adil Rashid- India TV Hindi
Image Source : AP आदिल रशीद

हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम ने अपने घर पर भारत के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को एकतरफा 125 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज में भी 2-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में इंग्लैंड की तरफ से जहां बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला तो वहीं गेंदबाज भी अपना कमाल दिखाने में कामयाब रहे जिसमें एक नाम लेग स्पिनर आदिल रशीद का भी शामिल है, जिन्होंने इस मैच में अपनी 2.4 ओवर्स की गेंदबाजी में सिर्फ 14 रन देने के साथ 2 विकेट हासिल किए। इसी के साथ अब आदिल रशीद टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

आदिल रशीद ने ईश सोढ़ी को छोड़ा पीछे

इंग्लैंड टीम के लेग स्पिनर आदिल रशीद की गिनती टी20 इंटरनेशनल के मैच विनर गेंदबाजों में की जाती जिन्होंने कई मुकाबलों में अपनी स्पिन बॉलिंग के दम पर टीम की जीत में अहम योगदान दिया है। आदिल रशीद ने जैसे ही तीसरे टी20 मैच में वरुण चक्रवर्ती को बोल्ड किया उसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ईश सोढ़ी को पीछे छोड़ने के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए। आदिल रशीद के नाम पर अब टी20 इंटरनेशनल में कुल 166 विकेट दर्ज हैं तो वहीं इस लिस्ट में पहले नंबर पर अफगानिस्तान टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद खान काबिज हैं जिनके नाम टी20 इंटरनेशनल में अब तक 193 विकेट दर्ज हो चुके हैं।

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • राशिद खान (अफगानिस्तान) - 193 विकेट
  • आदिल रशीद (इंग्लैंड) - 166 विकेट
  • ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) - 165 विकेट
  • टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 164 विकेट
  • वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) - 161 विकेट
  • मुस्तफिजुर रहमान (बांग्लादेश) - 160 विकेट

इंग्लैंड ने दर्ज की रनों के अंतर से तीसरी सबसे बड़ी जीत

भारतीय टीम के खिलाफ इंग्लैंड को मिली 125 रनों के अंतर से जीत ये उनकी टी20 इंटरनेशनल में अब तक की रनों के अंतर मामले में तीसरी सबसे बड़ी जीत है। इंग्लैंड ने साल 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 मुकाबले में 146 रनों के अंतर से जीत हासिल की थी, तो वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2019 में टी20 मुकाबले में 137 रनों से मुकाबला जीता था। इसके बाद अब उनकी ये जीत तीसरे नंबर पर आ गई है।

ये भी पढ़ें

तीसरा टी20 गंवाने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अब दिया नया बहाना, कहा - हमने बहुत खराब खेला; यह 200 वाला विकेट नहीं था

फिर नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का बल्ला, जोफ्रा आर्चर ने कुछ ऐसे बनाया शिकार

Latest Cricket News