A
Hindi News खेल क्रिकेट अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, 200 रनों से चटाई इस टीम को धूल, तोड़ा साउथ अफ्रीका का बहुत बड़ा रिकॉर्ड

अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, 200 रनों से चटाई इस टीम को धूल, तोड़ा साउथ अफ्रीका का बहुत बड़ा रिकॉर्ड

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने UAE की सरजमीं पर बांग्लादेश को बुरी तरह रौंदते हुए इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान ने तीसरे ODI में 200 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

Afghanistan vs Bangladesh- India TV Hindi Image Source : @ACBOFFICIALS अफगानिस्तान क्रिकेट टीम

AFG vs BAN: अफगानिस्तान ने एक बार फिर ODI क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश का तीन मैचों की ODI सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। इसके साथ ही अफगान टीम ने लगातार 5वीं ODI सीरीज जीतने का बड़ा कारनामा कर दिया। इससे पहले टीम ने आयरलैंड, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज अपने नाम की थी। हश्मतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई में टीम ने 14 अक्टूबर को खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश को 200 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान की ODI क्रिकेट में यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। साथ ही, यह अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में ODI इतिहास की सबसे बड़ी जीत भी बन गई है। इस तरह अफगान टीम ने साउथ अफ्रीका का रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 2024 में आयरलैंड को 174 रन से हराया था। इस मैदान पर अब तक 56 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 200 रनों से रौंदते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है।

अबू धाबी में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत

  • अफगानिस्तान: 200 रन बनाम बांग्लादेश (2025)
  • साउथ अफ्रीका: 174 रन बनाम आयरलैंड (2024)
  • स्कॉटलैंड: 150 रन बनाम अफगानिस्तान (2015)

मैच का हाल

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और मुश्किल पिच पर 293 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 111 गेंदों में 95 रन बनाए, जबकि मोहम्मद नबी ने अंतिम ओवरों में तूफानी पारी खेली। नबी ने मात्र 37 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और सिर्फ 93 रन पर ढेर हो गई। पूरी टीम 28वें ओवर में पवेलियन लौट गई। ओपनर सैफ हसन ही अकेले बल्लेबाज रहे जिन्होंने क्रीज पर टिकने की जहमत उठाई। उन्होंने 43 रन बनाए।

अफगानिस्तान की ओर से बिलाल सामी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि राशिद खान ने 3 विकेट झटके। इस सीरीज में शानदार बल्लेबाजी के लिए इब्राहिम जादरान को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने तीन मैचों में 213 रन बनाए।  इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने न सिर्फ सीरीज 3-0 से जीती बल्कि बांग्लादेश से T20I सीरीज में मिली शर्मनाक हार का बदला भी ले लिया। T20I सीरीज में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान का 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

यह भी पढ़ें

मोहम्मद शमी ने अजीत अगरकर पर साधा निशाना, कहा- सेलेक्टर्स को फिटनेस अपडेट देना मेरा काम नहीं

Ranji Trophy 2025-26: मुंबई को लगा बड़ा झटका, एशिया कप विनर खिलाड़ी हुआ बाहर

Latest Cricket News