1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Asia Cup 2025: सुपर-4 में पहुंचे वाली चारों टीमों के कप्तानों की ICC T20 Rankings, सूर्या सबसे आगे; पाकिस्तानी कैप्टन काफी पीछे

Asia Cup 2025: सुपर-4 में पहुंचे वाली चारों टीमों के कप्तानों की ICC T20 Rankings, सूर्या सबसे आगे; पाकिस्तानी कैप्टन काफी पीछे

टी20 एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड की शुरुआत 20 सितंबर से होगी और इस राउंड में पहला मुकाबला श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

suryakumar yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI/AP सूर्यकुमार यादव और सलमान अली आगा

एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड की सभी टीमें तय हो गई हैं। सुपर-4 के लिए भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमों ने क्वालीफाई किया है। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, बांग्लादेश के कैप्टन लिटन दास, श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका और पाकिस्तानी टीम की कमान सलमान अली आगा के हाथों में है। बल्लेबाजों की आईसीसी टी20 रैंकिंग में इन चारों कप्तानों में से सूर्या सबसे आगे हैं। वहीं पाकिस्तानी कप्तान सबसे पीछे हैं।

सूर्यकुमार यादव

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है। वह बल्लेबाजों की आईसीसी टी20 रैंकिंग में इस समय 7वें नंबर पर मौजूद हैं और उनके 747 रेटिंग अंक हैं। सूर्या विस्फोटक बैटिंग में माहिर हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदल देते हैं। उनके पास वह काबिलियत है कि वह किसी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ सकें। उन्होंने अभी तक भारतीय टीम के लिए 85 T20I मैचों में कुल 2652 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से चार शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं।

लिटन दास

टी20 एशिया कप 2025 के लिए बांग्लादेश की कमान लिटन दास के हाथों में है। बल्लेबाजों की आईसीसी टी20 रैंकिंग में वह 42वें नंबर पर मौजूद हैं और उनके इस समय 551 रेटिंग अंक हैं। पिछले कुछ समय से लिटन बहुत ही अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं और बांग्लादेश के लिए खूब रन बना रहे हैं। उन्होंने अभी तक बांग्लादेश के लिए 113 T20I मैचों में कुल 2533 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 15 अर्धशतक निकले हैं।

चरित असलंका

श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान चरित असलंका बल्लेबाजों की आईसीसी टी20 रैंकिंग में 54वें नंबर पर हैं और उनके इस समय 515 रेटिंग अंक हैं। असलंका के पास लंबा अनुभव है और उन्होंने अभी तक 67 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 1311 रन बनाए हैं, जिसमें 6 अर्धशतक शामिल रहे हैं।

सलमान अली आगा

टी20 एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा बल्लेबाजों की आईसीसी टी20 रैंकिंग में 67वें नंबर पर हैं और उनके 477 रेटिंग अंक हैं। मौजूदा एशिया कप में वह अभी तक अपनी लय में नजर नहीं आए हैं और अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अभी तक टी20 एशिया कप 2025 के तीन मैचों में कुल 23 रन ही बनाए हैं।

यह भी पढ़ें:

ड्रॉ पर खत्म हुआ पहला टेस्ट मैच, भारत की तरफ से दो बल्लेबाजों ने लगाए शतक

हार के बाद और बढ़ गईं ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें, अब आईसीसी ने ले लिया बड़ा एक्शन

Latest Cricket News