1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हार के बाद और बढ़ गईं ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें, अब आईसीसी ने ले लिया बड़ा एक्शन

हार के बाद और बढ़ गईं ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें, अब आईसीसी ने ले लिया बड़ा एक्शन

 Published : Sep 19, 2025 04:32 pm IST,  Updated : Sep 19, 2025 04:32 pm IST

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को दूसरे वनडे मैच में 102 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा है। अब हार के बाद आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया के ऊपर एक्शन लिया है।

Ashleigh Gardner- India TV Hindi
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की प्लेयर एश्ले गार्डनर Image Source : PTI

ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर आई हुई है। जहां पहले वनडे में उसने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। फिर दूसरे वनडे में भारतीय महिला टीम ने दमदार वापसी की और मैच 102 रनों से जीत लिया, जो ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी हार भी थी। अब हार के बाद ऑस्ट्रेलिया को एक और तगड़ा झटका लगा है, जब दूसरे वनडे मैच में धीमी ओवर गति के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने स्वीकार की गलती

भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के बीच दूसरा वनडे मैच मुल्लांपुर में स्थित महाराज यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को निर्धारित समय पर दो ओवर कम फेंकने का दोषी पाया गया। मैच के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। निर्धारित समय में गेंदबाजी ना करने पर हर ओवर के लिए खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। मैदानी अंपायर वृंदा राठी और जननी नारायणन, तीसरे अंपायर लॉरेन एजेनबैग और चौथे अंपायर गायत्री वेणुगोपालन ने यह जुर्माना लगाया।

स्मृति मंधाना ने लगाया था शतक

दूसरे वनडे मैच में भारतीय महिला टीम की तरफ से स्मृति मंधाना ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में 117 रनों की पारी खेली, जो उनका वनडे क्रिकेट में 12वां शतक था। उनके अलावा दीप्ति शर्मा ने 40 रनों की पारी खेली थी। इन दोनों की वजह से ही भारतीय महिला टीम 292 रन बना पाई। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एलिस पैरी ने 44 रन और एनाबेल सदरलैंड ने 45 रन बनाए। इसके अलावा बाकी की प्लेयर्स अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं और पूरी टीम सिर्फ 190 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए क्रांति गौड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए।

दिल्ली में होगा तीसरा वनडे मुकाबला

दूसरा वनडे मैच जीतते ही भारतीय क्रिकेट टीम ने तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा वनडे मुकाबला 20 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां सीरीज का फैसला होगा।

यह भी पढ़ें:

टी-20 सीरीज से पहले टीम को लगा तगड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी बाहर, रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान

भारतीय अंडर-19 ऑस्ट्रेलिया में खेलेगी 3 यूथ वनडे मैच की सीरीज, जानें स्क्वाड और मैचों की शुरू होने की टाइमिंग

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल