ऑस्ट्रेलिया को 17 साल बाद देखना पड़ा ये दिन, कब- कब टीम हुई वर्ल्ड कप के पहले राउंड से बाहर
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा है। करीब 17 साल बाद टीम आईसीसी टी20 विश्व कप के पहले राउंड से बाहर हो गई है। विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया को कब कब ऐसा दिन देखना पड़ा है, इस पर एक नजर डाली जान चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया का खेल खत्म हो गया है। टीम आईसीसी टी20 विश्व कप के पहले ही राउंड से बाहर हो गई है। इससे पहले किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि ऑस्ट्रेलियाई टीम इस तरह का घटिया खेल दिखाएगी। इस बीच जिम्बाब्वे ने बाजी मारते हुए अगले राउंड के लिए अपनी सीट बुक कर ली है। ऑस्ट्रेलिया को करीब 17 साल बाद ये दिन देखना पड़ा है, जब टीम विश्व कप के पहले ही राउंड से रुखसत हो रही है। चलिए आपको बताते हैं कि इससे पहले कब कब ऐसा हुआ है।
साल 2009 में भी टी20 विश्व कप के पहले राउंड से बाहर हो गई थी ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया को क्रिकेट की दुनिया की सबसे मजबूत और धाकड़ टीम माना जाता है। लेकिन पिछले कुछ साल से टीम उसे तरह का प्रदर्शन नहीं कर पा रही है, जिसके लिए उसे जाना और पहचाना जाता है। टी20 विश्व कप का पहला सीरीज साल 2007 में खेला गया था, तब से लेकर अब तक केवल दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ही राउंड से बाहर हुई हो। साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया का खेल पहले राउंड के बाद खत्म हो गया था। इसके बाद अब यानी करीब 17 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को ये दिन देखना पड़ा है। बाकी हर बार टीम कम से कम दूसरे राउंड तक तो पहुंची ही है। ऑस्ट्रेलिया ने एक ही बार अब तक टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। ये 2021 का साल था, तब ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर इस खिताब पर कब्जा किया था।
वनडे विश्व कप में पहले राउंड से कब बाहर हुआ ऑस्ट्रेलिया
अब अगर बात वनडे विश्व कप की करें तो अब तक के इतिहास में केवल तीन बार ऐसा हुआ है, जब टीम पहले ही राउंड से बाहर हुई है। पहली बार साल 1979 में टीम पहले राउंड के बाद बाहर हो गई थी। इसके बाद साल 1983 में फिर ऐसा ही हुआ, टीम दूसरे राउंड तक नहीं पा पाई। इसके बाद साल 1992 में भी ऑस्ट्रेलिया टीम पहले राउंड के बाद इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। यानी कुल मिलाकर देखें तो वनडे और टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम केवल 5 ही बार पहले राउंड से बाहर हुई है।
जिम्बाब्वे के बाद श्रीलंका ने भी दी पटकनी, ओमान से मैच बाकी
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस साल के टी20 विश्व कप में अपने सफर का आगाज 11 फरवरी केा आयरलैंड के खिलाफ मैच खेलकर किया था। इस मैच को टीम ने 67 रन से जीत लिया था। इसके बाद दूसरे ही मैच में टीम हार गई। दूसरा मैच जिम्बाब्वे से था, उस मैच में जिम्बाब्वे ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रन की हार थमा दी। इसके बाद जब ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच मुकाबला हुआ तो श्रीलंका ने भी 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से बुरी तरह से रौंद दिया था। अब टीम का आखिरी मैच ओमान से है, जो महज खानापूर्ति है। इस मैच को खेलकर टीम अपने देश खाली हाथ वापस लौट जाएगी।
यह भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलिया भुगत रहा अपनी करनी का फल, अब टीम इंडिया का सुपर 8 में किससे होगा मुकाबला
टीम इंडिया कब खेलेगी T20 विश्व कप 2026 में अगला मुकाबला, ये है उसकी तारीख और वेन्यू
