1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऑस्ट्रेलिया भुगत रहा अपनी करनी का फल, अब टीम इंडिया का सुपर 8 में किससे होगा मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया भुगत रहा अपनी करनी का फल, अब टीम इंडिया का सुपर 8 में किससे होगा मुकाबला

 Published : Feb 17, 2026 06:01 pm IST,  Updated : Feb 17, 2026 06:03 pm IST

ऑस्ट्रेलिया का सफर टी20 विश्व कप 2026 में समाप्त हो गया है। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया है। मिचेल मार्श ने जो काम 2023 में किया था, उसी की सजा अब उन्हें मिल रही है।

Mitchell Marsh- India TV Hindi
मिचेल मार्श Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही राउंड से बाहर हो गई  है। जब ऑस्ट्रेलियाई टीम जिम्बाब्वे से अपना मैच हारी थी, तभी इस बात की संभावना दिखाई देने लगी थी कि टीम की विदाई हो जाएगी, लेकिन रही सही कसर आज पूरी हो गई। आज श्रीलंका के पल्लेकेले में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच होना था, जो बारिश के कारण धुल गया। मैच तो इन दो टीमों का नहीं हो पाया, लेकिन झटका ऑस्ट्रेलिया को लगा है। याद कीजिए, जब साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने वनडे विश्व कप हुआ था, तब मिचेल मार्श का एक फोटो वायरल हुआ था। कहीं ना कहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी उसी करनी का फल भुगत रही है। 

ओमान से अपना आखिरी मैच खेलकर रवाना हो जाएगी ऑस्ट्रेलियाई टीम

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 से ऑस्ट्रेलिया की विदाई हो गई है। टीम पहले राउंड से आगे नहीं जा पाई है। हालांकि टीम का आखिरी मैच अभी बाकी है, जो 20 फरवरी को ओमान से होना है। ओमान की टीम तो पहले ही सुपर 8 की लड़ाई से बाहर हो गई थी, अब ऑस्ट्रेलिया का भी खेल खत्म हो गया है। ऐसे में इस मैच के अब कोई भी मायने नहीं रह गए हैं। 

साल 2023 का वनडे विश्व कप जीतकर मिचेल मार्श का फोटो हुआ था वायरल

आपको करीब तीन साल पहले ले चलते हैं। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने साल 2023 में भारतीय टीम को हराकर वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। भारतीय टीम उस साल रोहित शर्मा की कप्तानी में विश्वकप के सारे मैच जीतकर फाइनल तक पहुंची ​थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसे फाइनल में हराकर सपने चकनाचूर कर दिए थे। उसके बाद अगले ही दिन मिचेल मार्श की एक फोटो खूब वायरल हुई थी। उसमें​ मार्श विश्व कप की ट्रॉफी पर पैर रखे हुए हैं। तब इसकी खूब आलोचना हुई थी। भारत ने जब भी विश्व कप जीता है तो खिताबी ट्रॉफी का अपने सीने से लगाकर रखा है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के एक बड़े खिलाड़ी ने ऐसा काम किया, जो किसी को भी रास नहीं आया। 

मिचेल मार्श की कप्तानी में इस बार पहले ही राउंड से बाहर हो गई ऑस्ट्रेलिया की टीम

उस वक्त मिचेल मार्श टीम के कप्तान नहीं थे। ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी पैट कमिंस कर रहे थे, लेकिन तब से लेकर अब तक इतना बदलाव आया है कि मिचेल मार्श टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैं। उन्हीं की कप्तानी में टीम इस साल के आईसीसी टूर्नामेंट में उतरी है, अब लगता है कि कुदरत का निजाम यही है। जिस मिचेल मार्श ने वनडे विश्व कप की ट्रॉफी को अपने पैरों के तले रखकर उसकी तौहीन की थी, उसकी कप्तानी में टीम अब आईसीसी टी20 विश्व कप के पहले ही राउंड से बाहर हो गई है। खिताब जीतना तो दूर की बात है, टीम इस बार ट्रॉफी के करीब तक नहीं पहुंच पाई और हाथ मलते हुए रुखसत हो रही है। 

भारतीय टीम अब सुपर 8 में जिम्बाब्वे से​​ भिड़ेगी

इस बीच आपको बता दें कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 की सात टीमें तय हो गई हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने से जिम्बाब्वे की टीम सुपर 8 में चली गई है। अब पाकिस्तान की टीम अभी और सुपर 8 में जा सकती है, बशर्ते की टीम अपना अगला मैच जीत जाए। इस बीच सुपर 8 में अब भारत का मुकाबला साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज के अलावा जिम्बाब्वे से होगा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया अहमदाबाद में उतरेगी, वहीं जिम्बाब्वे से मैच चेन्नई में होगा। इसके बाद कोलकाता में टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलती हुई नजर आएगी। 

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया कब खेलेगी T20 विश्व कप 2026 में अगला मुकाबला, ये है उसकी तारीख और वेन्यू

ICC T20 World Cup 2026: अब तक 6 टीमों ने की सुपर 8 में एंट्री, ये हैं उनके नाम, इन 2 ग्रुपों में फंसा है पेच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल