1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज से पहले खुली भारतीय बैटिंग की पोल, पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता, इंडिया ए 113 पर ऑलआउट

टेस्ट सीरीज से पहले खुली भारतीय बैटिंग की पोल, पांच बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता, इंडिया ए 113 पर ऑलआउट

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 24, 2026 08:16 am IST,  Updated : Oct 24, 2026 08:18 am IST

इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला अनौपचारिक टेस्ट मैच लिंकन में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 113 पर ऑलआउट हो गई।

Team India- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : GETTY

न्यूजीलैंड दौरे पर रेड बॉल फॉर्मेट में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। लिंकन के बर्ट सुटक्वाइल ओवल मैदान पर खेले जा रहे पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच के पहले दिन ही भारतीय बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय बल्लेबाजों की पोल खुल गई है। न्यूजीलैंड ए के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए मेहमान टीम को पहली पारी में महज 113 रन पर समेट दिया। पहली पारी में भारत के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। पहली पारी में यश राठौड़ टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस मैच में न्यूजीलैंड ए की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।

बड़े खिलाड़ियों का फ्लॉप शो, पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। पारी की शुरुआत करने आए स्टार बल्लेबाज केएल राहुल 8 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हो गए। नंबर 4 पर बैटिंग करने आए साई सुदर्शन भी 13 गेंदों में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। उनके अलावा कप्तान और विकेटकीपर ध्रुव जूरेल सिर्फ 1 रन ही बना सके। वहीं वाशिंगटन सुंदर, मुकेश चौधरी और आकाश दीप भी शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल रहे। भारत के कुल पांच बल्लेबाज बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे, जिससे टीम संभल नहीं पाई। टीम इंडिया ने पहले सेशन में ही 4 विकेट गंवा दिए थे।

यश राठौड़ ने बनाए इंडिया ए के लिए सबसे ज्यादा रन

एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 100 रन के अंदर ही सिमट जाएगी, लेकिन निचले क्रम में आकर यश राठौड़ ने बेहद शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 49 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 44 रनों की जुझारू पारी खेली और टीम के स्कोर को 110 के पार पहुंचाया। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 32 रन बनाए। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 17 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड ए की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए साइमन कीन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके, जबकि जैक गिब्सन को 3 सफलताएं मिलीं। अब इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाजों का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखने वाली बात होगी।

यह भी पढ़ें

न्यूजीलैंड में इंडिया ए की खराब शुरुआत, केएल राहुल-साई सुदर्शन जीरो पर हुए आउट, पहले सेशन में गंवाए 4 विकेट

प्रतिका रावल ने मचाया तहलका, जड़ा करियर का तीसरा वनडे शतक, मंधाना वाले स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।