1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'रिश्ता खत्म करने का फैसला मेरा नहीं था', अवंतिका मलिक ने बताई इमरान खान से शादी टूटने की वजह, बोलीं- एक की गलती नहीं

'रिश्ता खत्म करने का फैसला मेरा नहीं था', अवंतिका मलिक ने बताई इमरान खान से शादी टूटने की वजह, बोलीं- एक की गलती नहीं

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 24, 2026 07:57 am IST,  Updated : Oct 24, 2026 07:57 am IST

अवंतिका मलिक ने हाल ही में इमरान खान से अपने तलाक के बारे में बात की और खुलासा किया कि अलग होने की पहल इमरान ने ही की थी। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपनी शादी को बचाने की कोशिश की और 6 महीने का समय दिया, लेकिन बाद में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया।

avantika malik- India TV Hindi
इमरान खान, अवंतिका मलिक। Image Source : INSTAGRAM/@AVANTIKAMALIK18

आमिर खान के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान खान पिछले दिनों सीजेपी प्रोटेस्ट के चलते चर्चा में रहे। मुंबई के क्रांति मैदान में चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद इमरान खान को FRRO अधिकारी ने 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट' (IFA) 2025 के तहत भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया था, जिसके बाद इमरान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला लिया। इमरान लंबे ब्रेक के बाद बॉलीवुड में वापसी की तैयारी में हैं और दूसरी तरफ कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। इस बीच इमरान खान की एक्स वाइफ अवंतिका मलिक ने उनके साथ अपनी शादी टूटने के बारे में खुलकर बात की है। अवंतिका ने बताया कि शादी खत्म करने की पहल उनकी तरफ से नहीं बल्कि इमरान की तरफ से की गई थी।

इमरान ने की थी शादी तोड़ने की पहल

अवंतिका मलिक ने सोहा अली खान के पॉडकास्ट में अपने और इमरान खान के रिलेशनशिप पर खुलकर बात की। उनसे जब उनके और इमरान के सेपरेशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इमरान ने ही इस रिश्ते को खत्म करने की पहल की थी। अवंतिका बताती हैं कि इमरान और वह तलाक से पहले करीब छह महीने तक अलग रहे, लेकिन कुछ ठीक नहीं हुआ, जिसके बाद दोनों ने तलाक लेने का फैसला किया।

मैं कभी ये फैसला नहीं लेती- अवंतिका

सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान, अवंतिका ने याद किया कि जब वह और इमरान साथ आए थे, तब दोनों कितने यंग थे। अवंतिका ने बताया कि जब वह इमरान से मिलीं, तब वह 19 साल की थीं। एक-दूसरे को कुछ साल डेट करने के बाद 2011 में दोनों ने शादी कर ली और उनकी एक बेटी, इमारा, हुई। अवंतिका ने कहा कि वह कभी भी रिश्ता खत्म करने के बारे में नहीं सोचतीं। उनके अनुसार, भले ही उन्हें नुकसान उठाना पड़ता, लेकिन फिर भी वो कभी अलग होने का फैसला नहीं लेतीं।

लगा जैसे जिंदगी का अहम हिस्सा खत्म हो गया

अवंतिका ने बताया कि शुरुआत में इमरान ने ही उनसे कहा था कि, 'कुछ समय के लिए एक-दूसरे से अलग रहें।' छह महीने तक दोनों अलग रहे और फिर आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया। अवंतिका कहती हैं कि शुरुआत में ये उनके लिए काफी दर्दनाक था, क्योंकि शादी का खत्म होना सिर्फ रिश्ते का खत्म होना नहीं था, बल्कि उस भविष्य का खत्म होना भी था, जिसकी उन्होंने कल्पना की थी। क्योंकि, ये आपकी जिंदगी का सबसे करीबी रिश्ता होता है।

'इमरान और मैंने एक-दूसरे के साथ नाइंसाफी की'

अवंतिका ने बताया कि दोनों की मुलाकात यंग डेज में हुई थी और 30 की उम्र की शुरुआत तक, दोनों काफी बदल गए थे। वह कहती हैं- '18 साल के दौरान आप बड़े होते हैं, बदलते हैं और एक अलग इंसान बन जाते हैं। 19 की उम्र में ये मान लेना आसान होता है कि आपकी खुशी के लिए दूसरा इंसान जिम्मेदार है। इतनी कम उम्र में ये एहसास ही नहीं होता कि ये आपकी जिम्मेदारी है। आप यही सोचते हैं कि जो इंसान मेरे सामने है, वो मेरी खुशी और संतुष्टि के लिए जिम्मेदार है। आपको पता भी नहीं चलता कि कैसे आप समय के साथ अपने ही रिश्ते को नुकसान पहुंचाने लगते हैं, क्योंकि कुछ ऐसी उम्मीदें होती हैं जो पूरी नहीं हो सकतीं।'

सालों छोटी-छोटी बातें जमा होती गईं

अवंतिका आगे कहती हैं- 'इमरान और मैं 18 साल साथ रहे और बहुत छोटी उम्र से। हमने साथ में बहुत कुछ देखा और झेला। मुझे लगता है कि इस सफर में हम दोनों ने कहीं न कहीं एक-दूसरे के साथ सही बर्ताव नहीं किया। इसलिए, मैं यह नहीं कह सकती कि कोई एक बड़ी घटना हुई थी। सालों तक छोटी-छोटी बातें जमा होती गईं। हमने अपनी जी-जान लगा दी। नौबत यहां तक आ गई थी कि हम सोचते थे कि और क्या कर सकते हैं? हमने तब भी यही सोचा कि और मेहनत करते हैं।'

ये भी पढ़ेंः 'और आराम चाहिए', स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे अमिताभ बच्चन, शेयर किया हेल्थ अपडेट

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।