1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अक्षर पटेल ने 4 विकेट और 57 रन बनाने के साथ किया बड़ा कारनामा, सचिन-गांगुली के स्पेशल क्लब का बने हिस्सा

अक्षर पटेल ने 4 विकेट और 57 रन बनाने के साथ किया बड़ा कारनामा, सचिन-गांगुली के स्पेशल क्लब का बने हिस्सा

टीम इंडिया के स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षर पटेल का इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन वनडे मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उन्होंने 4 विकेट लेने के साथ 57 रन भी बनाए। इसके दम पर अक्षर एक खास क्लब का हिस्सा बन गए।

Axar Patel- India TV Hindi
Image Source : AP अक्षर पटेल

Highlights

  • अक्षर पटेल ने गेंदबाजी में 4 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में नाबाद 57 रनों की पारी खेली।
  • वनडे मैच में 4 प्लस विकेट और फिफ्टी प्लस रन बनाने वाले अक्षर बने छठे भारतीय खिलाड़ी।
  • इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट, टी20 और वनडे तीनों में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले अक्षर बने चौथे भारतीय खिलाड़ी।

बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले को टीम इंडिया 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। यूके दौरे पर लगातार 6 मैचों में हार के बाद टीम इंडिया को ये पहली जीत मिली है। पहले वनडे मैच में भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी अक्षर पटेल रहे जिनका गेंद और बल्ले से दोनों से अहम योगदान देखने को मिला। अक्षर पटेल ने जहां गेंदबाजी में 4 विकेट हासिल किए तो वहीं उनके बल्ले से नाबाद 57 रनों की पारी देखने को मिली। इसके दम पर अक्षर पटेल सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के स्पेशल क्लब का भी हिस्सा बन गए।

वनडे मैच में 50 से अधिक रन और चार या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले अक्षर बने छठे भारतीय

अक्षर पटेल ने पिछले कुछ सालों में अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है, जिसका असर अब मैदान पर भी देखने को मिल रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन वनडे मैच में जब टीम इंडिया ने 160 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया तो उसके बाद अक्षर पटेल को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। अक्षर ने बिना किसी दबाव के आक्रामक बल्लेबाजी करने के साथ 52 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से जहां नाबाद 57 रनों की पारी खेली तो वहीं सुंदर के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी करने के साथ टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे। अक्षर पटेल इसी के साथ अब एक वनडे मैच में चार से उससे अधिक विकेट लेने के साथ 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ छठे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले सौरव गांगुली और युवराज सिंह ने जहां 2 बार ये कारनामा किया है तो वहीं सचिन तेंदुलकर, के श्रीकांत और हार्दिक पांड्या एक-एक बार ये कारनामा करने में कामयाब रहे हैं।

50 से अधिक रन और 4 या उससे अधिक विकेट वनडे मैच में लेने वाले भारतीय खिलाड़ी

  • कृष्णमचारी श्रीकांत - 70 रन और 27 रन देकर 5 विकेट (बनाम न्यूजीलैंड, साल 1988, विशाखापट्टनम)
  • सचिन तेंदुलकर - 141 रन और 38 रन देकर 4 विकेट (बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 1998, ढाका)
  • सौरव गांगुली - 130 रन और 21 रन देकर 4 विकेट (बनाम श्रीलंका, साल 1999, नागपुर)
  • सौरव गांगुली - 71 रन और 34 रन देकर 5 विकेट (बनाम जिम्बाब्वे, साल 2000, कानपुर)
  • युवराज सिंह - 118 रन और 28 रन देकर 4 विकेट (बनाम इंग्लैंड, साल 2008, इंदौर)
  • युवराज सिंह - 50 रन और 31 रन देकर 3 विकेट (बनाम आयरलैंड, साल 2011, बेंगलुरु)
  • हार्दिक पांड्या - 71 रन और 24 रन देकर 4 विकेट (बनाम इंग्लैंड, साल 2022, मैनचेस्टर)
  • अक्षर पटेल - 57 रन और 62 रन देकर 4 विकेट (बनाम इंग्लैंड, साल 2026, एजबेस्टन)

इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले बने चौथे भारतीय

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। इसी के साथ वह तीनों फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ इस अवॉर्ड को जीतने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। अक्षर पटेल से पहले रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ये कारनामा करने में कामयाब हुए हैं।

ये भी पढ़ें

पहले वनडे में जीत के बाद गदगद हुए कप्तान शुभमन गिल, कहा - 320 रनों का भी टारगेट चेज करने के लिए तैयार थे हम

शुभमन गिल को पहले ODI के बीच क्यों छोड़ना पड़ा मैदान? टीम इंडिया के खेमे में मची खलबली

Latest Cricket News