1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहले वनडे में जीत के बाद गदगद हुए कप्तान शुभमन गिल, कहा - 320 रनों का भी टारगेट चेज करने के लिए तैयार थे हम

पहले वनडे में जीत के बाद गदगद हुए कप्तान शुभमन गिल, कहा - 320 रनों का भी टारगेट चेज करने के लिए तैयार थे हम

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 15, 2026 07:23 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 07:31 am IST

इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का भारतीय टीम ने काफी शानदार तरीके से आगाज किया है, जिसमें एजबेस्टन के स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में जीत के बाद कप्तान गिल काफी खुश दिखाई दिए।

Shubman Gill And Rohit Sharma- India TV Hindi
शुभमन गिल और रोहित शर्मा Image Source : AP

भारत और इंग्लैंड के बीच में 14 जुलाई को तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने 6 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मेजबान इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेते हुए 47.5 ओवर्स में 258 रन बनाकर सिमट गई। इसके बाद टीम इंडिया ने टारगेट को 45.2 ओवर्स में हासिल कर लिया जिसमें कप्तान गिल के 80 तो वहीं वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रनों की पारी खेली। इसके अलावा अक्षर पटेल ने शानदार ऑलराउंड खेल दिखाते हुए मुकाबले में जहां 4 विकेट हासिल किए तो वहीं नाबाद 57 रनों की पारी भी खेलने में कामयाब रहे। पहले वनडे में जीत के बाद शुभमन गिल काफी खुश दिखाई दिए जिसमें उन्होंने यह भी कहा कि यदि हमें 320 रनों का टारगेट भी मिलता तो हम उसके लिए भी तैयार थे।

हमें अपने बैटिंग ऑर्डर पर पूरा भरोसा था

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन वनडे मैच में जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि ये हमारे लिए सीरीज की काफी अच्छी शुरुआत है। जब आप मिडिल ऑर्डर और लोअर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को इस तरह से रन बनाते हुए देखते हैं वह मैच खत्म करके आते हैं तो एक कप्तान के रूप में आपको काफी आत्मविश्वास मिलता है। हम इस मैच में पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे क्योंकि हमारा बॉलिंग अटैक थोड़ा युवा है और वहीं बैटिंग ऑर्डर इसके मुकाबले थोड़ा अधिक अनुभवी है। ऐसे में अगर हमें 320 रनों का भी टारगेट मिलता तो मुझे अपने बल्लेबाजी क्रम पर पूरा भरोसा था कि हम उसे भी चेज कर सकते हैं।

मिडिल ओवर्स में हमने काफी अच्छी वापसी की थी

पहले वनडे मैच में इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत मिली थी जिसमें उन्होंने 12 ओवर्स तक जहां 61 रन बना लिए थे तो वहीं कोई भी विकेट नहीं गंवाया था। इसके बाद अगले 19 रनों के भीतर इंग्लैंड ने अपनी आधी टीम को गंवा दिया। इसको लेकर कप्तान शुभमन गिल ने जहां अपने बयान में खुशी जाहिर की तो वहीं उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमने मिडिल ओवर्स में जित तरह से गेंदबाजी वह देखकर मुझे सबसे ज्यादा अच्छा लगा। पहले 10 ओवर्स में वह थोड़ा आगे निकल गए थे, लेकिन मुझे लगता है कि हमने जिस तरह से वापसी की और 5 विकेट लिए वह सबसे अहम था। हम वर्ल्ड कप से पहले अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमा रहे हैं और साउथ अफ्रीका में भी कुछ इसी तरह के हालात हमें मिलेंगे जिसमें शुरुआती ओवर्स में गेंद थोड़ा हरकत करेगी और रन बनाना आसान नहीं होगा और इसलिए हमारे लिए ये तैयारी के नजरिए काफी अच्छी शुरुआत है।

ये भी पढ़ें

 

शुभमन गिल को पहले ODI के बीच क्यों छोड़ना पड़ा मैदान? टीम इंडिया के खेमे में मची खलबली

रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही मैच में फ्लॉप, इंग्लैंड में खुली टीम इंडिया की पोल?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल