1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट कप्तानी मिलने के बाद अब टी20 में फिर से कप्तान बन सकते हैं बाबर आजम, PCB जल्द ले सकता है फैसला

टेस्ट कप्तानी मिलने के बाद अब टी20 में फिर से कप्तान बन सकते हैं बाबर आजम, PCB जल्द ले सकता है फैसला

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट फॉर्मेट में टीम के प्रदर्शन को सुधारने के लिए बाबर आजम को जहां एकबार फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी को सौंप दिया तो वहीं अब पीसीबी टी20 इंटरनेशनल में भी उनको दोबारा कप्तान बनाए जाने का फैसला ले सकती है।

Babar Azam- India TV Hindi
Image Source : AP बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड जो अक्सर अपने फैसलों की वजह से पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में मजाक का विषय बन जाता है, वह एकबार फिर से टेस्ट कप्तानी बाबर आजम को दिए जाने की वजह से चर्चा में बना हुआ है। पाकिस्तानी टेस्ट टीम का प्रदर्शन पिछले काफी समय से लगातार खराब देखने को मिल रहा था, जिसमें उन्हें बांग्लादेश के दौरे पर भी हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में शान मसूद की जगह पर बाबर आजम को फिर से टेस्ट में कप्तानी देने का फैसला लिया गया। अब टी20 इंटरनेशनल में जिसमें बाबर आजम की बल्लेबाजी को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं उसमें कप्तानी की जिम्मेदारी एकबार फिर से उन्हें सौंपी जा सकती है। पीसीबी मौजूदा कप्तान सलमान अली आगा के नेतृत्व में टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं है और उनकी जगह पर बाबर को कप्तानी दिए जाने का फैसला जल्द कर सकती है।

आईसीसी टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए पीसीबी कर रहा नेतृत्व में बदलाव की प्लानिंग

बाबर आजम एक समय तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी संभाल रहे थे, लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट में प्रदर्शन काफी निराशाजनक देखने को मिला था। इसके बाद बाबर आजम को तीनों फॉर्मेट से कप्तानी की जिम्मेदारी ले गई थी। हालांकि इसके बावजूद पाकिस्तानी टीम का टेस्ट, टी20 और वनडे तीनों में प्रदर्शन कोई खास नहीं सुधरा। टेस्ट में अब जहां एकबार फिर से बाबर आजम को कप्तान बना दिया गया है तो वहीं पाकिस्तानी पब्लिकेशन डेली औसाफ की एक रिपोर्ट के अनुसार पीसीबी आगामी इंटरनेशनल दौरों और भविष्य के आईसीसी टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व में इस बड़े बदलाव पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

टी20 में बाबर के नेतृत्व में काफी बेहतर रहा है पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन

पीसीबी ने अभी बाबर आजम को टी20 इंटरनेशनल में भले ही फिर से कप्तान बनाने का ऐलान नहीं किया है, लेकिन वह इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह बाबर आजम के कार्यकाल में पाकिस्तानी टीम का बेहतर रिकॉर्ड भी है। बाबर आजम का नाम पाकिस्तान के इतिहास के उन टी20 कप्तानों में शुमार है जिनका जीत का प्रतिशत सबसे बेहतरीन रहा है। बाबर के नेतृत्व में पाकिस्तानी टीम ने साल 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया था, जिसमें उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

ये भी पढ़ें

बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने किया टीम का ऐलान, दो नए खिलाड़ियों को मिला मौका

WI ने 23 साल में पहली बार जीती लंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज, WTC पॉइंट्स टेबल में क्या हुआ बदलाव?

Latest Cricket News